हंसडीहा मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में चोरी मामले का पर्दाफाश, कबाड़ के भाव बेच दिए गए कीमती उपकरण, 5 गिरफ्तार
दुमका के हंसडीहा मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में चोरी का पुलिस ने खुलासा कर लिया है. 5 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है.


Published : December 17, 2025 at 8:54 PM IST
|Updated : December 17, 2025 at 9:06 PM IST
दुमकाः दस दिन पूर्व दुमका के हंसडीहा मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में कीमती उपकरणों की चोरी का मामला उजागर हुआ था. झारखंड विधानसभा में प्रदीप यादव ने इस पर सरकार से कड़ी कार्रवाई की मांग की थी. दुमका पुलिस ने पूरे मामले पर से खुलासा किया है. हैरानी की बात यह है कि भारी भरकम राशि से क्रय किए गए इन स्वास्थ्य उपकरणों को चोरों ने उड़ाकर कबाड़ी के भाव बेच दिया था. इस मामले में गोड्डा से एक कबाड़ी वाले को और पाकुड़ से इसमें शामिल चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है. साथ ही स्वास्थ्य उपकरणों से निकाले गए भारी मात्रा में तांबा के तार भी बरामद किए गए हैं.
एसपी ने कहा - तीन महीनों से कर रहे थे चोरी
दुमका - गोड्डा की सीमा पर अवस्थित हंसडीहा मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल से करीब एक करोड़ के स्वास्थ्य उपकरण की चोरी में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार कर बुधवार की शाम जेल भेज दिया. उपकरण चुराने के लिए ये लोग तीन माह से काम में लगे हुए थे. उपकरण की चोरी केवल तांबा का तार हासिल करने के लिए की गई थी.
गिरफ्तार आलमगीर शेख, हुसैन शेख, अबिदुल शेख, माजिद अली पाकुड़ के और चोरी का सामान खरीदने वाला मो. अहसान शेख उर्फ मोटा भाई गोड्डा के नगर थाना क्षेत्र के गुलजारबाग का रहने वाला है. वहीं कई और लोगाें के शामिल होने का पता चला है. पुलिस ने कबाड़ी मोटा की दुकान से कई उपकरण के अलावा 12 किलो तांबे का तार.
एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि 6 दिसंबर को जांच के क्रम में चोरी का पता चला. सरैयाहाट के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के बयान पर मामला दर्ज करने के बाद जरमुंडी एसडीपीओ अमित कच्छप के नेतृत्व में चार थाना की पुलिस को मिलाकर एसआइटी का गठन किया गया.
कबाड़ियों पर हुआ शक
एसपी ने बताया कि अनुसंधान के क्रम में पता चला कि हंसडीहा में पहले कई कबाड़ी दिखते थे, लेकिन चोरी की बात सामने आने के बाद उनका दिखना बंद हो गया. इसके बाद कबाड़ियाें की पहचान की गई. जांच के क्रम में पाकुड़ के आलमगीर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने चोरी की बात स्वीकार की. उसकी निशानदेही पर बाकी अन्य आरोपित को पकड़ा गया. सभी से पता चला कि इन लोगों ने तांबा का तार हासिल करने के लिए चोरी को अंजाम दिया था.
सामान से तार निकालने के बाद गोड्डा के कबाड़ी मोटा भाई को बेच दिया करते थे. मोटा की दुकान से चोरी किया गया तांबा का तार बरामद किया गया है. इसके अलावा कई उपकरण भी बरामद हुए हैं. पकड़े गए सभी कबाड़ी का काम करते हैं. घूम घूमकर सामान एकत्र कर उसे बेचते हैं.
पाकुड़ का आलमगीर अपनी टेंपो से सभी को लेकर आता था और रात के अंधेरे में अस्पताल में पीछे से घुसकर सामान चोरी करता था. सबसे पहले ट्रांसफार्मर का कॉइल चोरी किया. इसके बाद उनकी नजर बाकी सामान पर गई. अस्पताल में कोई नहीं रहता था, इसलिए रात में आकर तार चोरी किया करते थे. करीब तीन माह से चोरी कर रहे थे.
बदल - बदलकर लाता था युवक
एसपी ने बताया कि पाकुड़ से गिरफ्तार आलमगीर शेख शातिर चोर है. कुछ समय पहले उसके पिता नईमुददीन को पाकुड़ पुलिस ने ट्रांसफार्मर चोरी के आरोप में जेल भेजा था. पिता पुत्र मिलकर चोरी करवाया करते थे. जो लोग एक दिन चोरी करते थे, उसे फिर लेकर नहीं आते थे. पाकुड़ से आने के बाद टेंपो को हंसडीहा में छोड़कर वारदात को अंजाम दिया करते थे.
स्वास्थ्य विभाग की संलिप्तता नहीं
एसपी ने बताया कि भीषण चोरी में स्वास्थ्य विभाग की मिलीभगत सामने नहीं आई है. विभाग से कुल कितना सामान चोरी हुआ है, इसकी सूची मांगी है. गिरोह में और लोग भी शामिल हैं. उनका पता चल गया है. पुलिस उनकी गिरफ्तारी में लगी हुई है.
ये भी पढ़ेंः
वर्षों से चालू होने के इंतजार में हंसडीहा मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल, यहां से चोरी हो रही कीमती उपकरण!

