पटना यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव से पहले पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मिंटो हॉस्टल से 8 गिरफ्तार
पटना विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव से पहले पुलिस ने मिंटो हॉस्टल में की बड़ी कार्रवाई. छापेमारी के दौरान 8 छात्र गिरफ्तार. पढ़ें खबर-

Published : February 19, 2026 at 11:26 AM IST
पटना: पटना विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव (PUSU) की तैयारियां जोरों पर हैं. छात्र संगठनों के बीच वर्चस्व की होड़ बढ़ गई है, जिसके चलते परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है. चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. लगातार निगरानी और सतर्कता के बीच बुधवार की देर रात पटना पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया और 8 छात्रों को गिरफ्तार किया.
छात्रावासों में सघन छापेमारी अभियान: पीरबहोर थाना क्षेत्र के अंतर्गत विश्वविद्यालय के विभिन्न छात्रावासों में प्राप्त शिकायतों और चुनावी संवेदनशीलता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (मध्य) के नेतृत्व में व्यापक छापेमारी की गई. इस अभियान में पीरबहोर, गांधी मैदान, कदम कुआं, बुद्ध कॉलोनी और कोतवाली थाने की पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से भाग लिया. रात के समय यह कार्रवाई अचानक शुरू हुई, जिससे छात्रावासों में हड़कंप मच गया.
मिंटो छात्रावास से 8 गिरफ्तार: छापेमारी के दौरान मिंटो छात्रावास में पुलिस ने कुल 8 छात्रों को गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार सभी छात्र शराब के नशे की हालत में पाए गए, जिसकी पुष्टि थाने पर मेडिकल जांच से हुई. पुलिस टीम के पहुंचते ही कुछ छात्र भागने की कोशिश में थे, लेकिन पुलिस बल ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया. गिरफ्तारी के बाद सभी को थाने ले जाया गया.
एक आरोपी का बमबाजी कांड से नाता: गिरफ्तार अभियुक्तों में से एक साहिल कुमार उर्फ विष्णु का पूर्व में आपराधिक इतिहास सामने आया है. पुलिस के मुताबिक वह साइंस कॉलेज हॉस्टल में हुए बमबाजी कांड का आरोपी रह चुका है. इसके अलावा गिरफ्तार युवकों का संबंध पीरबहोर थाना में दर्ज एक बम कांड से भी जुड़ा बताया जा रहा है, जिसमें विस्फोटक अधिनियम की धाराएं लगाई गई हैं. इन पहलुओं की गहराई से जांच पड़ताल की जा रही है.

चुनावी सुरक्षा के लिए निरंतर निगरानी: पुलिस प्रशासन ने कहा कि चुनाव के मद्देनजर विश्वविद्यालय परिसर और आसपास के इलाकों में लगातार निगरानी रखी जा रही है. आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त बल की तैनाती भी की जाएगी. छात्रों से अपील की गई है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से चुनावी प्रक्रिया में भाग लें और किसी भी उकसावे में न आएं. फिलहाल गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ जारी है.
क्या कहती है पुलिस?: नगर पुलिस अधीक्षक (सेंट्रल) भानु प्रताप सिंह ने बताया कि छात्रसंघ चुनाव के दौरान किसी भी असामाजिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा, "आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से एक के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं. सभी के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है." पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि चुनावी माहौल को खराब करने वालों पर कड़ी नकेल कसी जाएगी.
"छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ जारी है तथा मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है."-भानु प्रताप सिंह, सेंट्रल एसपी, पटना
ये भी पढ़ें-
PU में छात्र संघ चुनाव कराने की मांग को लेकर छात्रों का हंगामा, कुलपति के कार्यालय में जड़ा ताला
हर्ष राज हत्या मामले में मुख्य आरोपी अमन पटेल गिरफ्तार, पुलिस ने पूछताछ कर जेल भेजा

