वेल्डर से नशा तस्कर बना अंकुश, ₹4.62 लाख की स्मैक के साथ गिरफ्तार, नेटवर्क की तलाश तेज
रुड़की में चेकिंग के दौरान पुलिस ने स्मैक के साथ ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : June 22, 2026 at 4:30 PM IST
रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की में पिरान कलियर थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है. तस्कर के कब्जे से पुलिस ने 18.50 ग्राम स्मैक बरामद की है. जिसकी बाजार में कीमत 4 लाख रुपए से अधिक बताई गई है. बताया गया है कि पकड़ा गया आरोपी नशे की लत और अच्छा पैसा कमाने की चाह में अवैध स्मैक की तस्करी कर रहा था. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज करते हुए उसके नेटवर्क की तलाश शुरू कर दी है.
दरअसल, ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर की अगुवाई में जिलेभर में लगातार आपराधिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. इसी क्रम में पिरान कलियर थाना पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान अब्दाल साहब रोड इमलीखेडा से एक आरोपी को दबोचकर उसके कब्जे से 18.50 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की. जिसकी बाजारी कीमत 4 लाख 62 हजार रुपए बताई गई है. पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अंकुश (उम्र 22 वर्ष) पुत्र फकीरचंद निवासी ग्राम पीरपुरा थाना कोतवाली मंगलौर बताया है.
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि, वह पेशे से एक वेल्डर है और वह मोटी रकम कमाने और अपने नशे के खर्चे को पूरा करने के लिए मादक पदार्थ तस्करी का काम कर रहा था, जिसके बाद पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया. पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की तैयारी की जा रही है.
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि, 18.50 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. नशे का कारोबार करने वाले नशा तस्करों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.
बाइक चोर गिरफ्तार: उधर, लक्सर की पथरी पुलिस ने बाइक चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया. आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की कुल 6 बाइकें बरामद की गई है. पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर बड़ी सफलता माना जा रहा है.
जानकारी के अनुसार 21 जून को थाना पथरी में बाइकें चोरी से संबंधित दो मुकदमे दर्ज किए गए थे. मामलों की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने चोरी गई बाइकों की शीघ्र बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए.
पथरी पुलिस ने घटनास्थलों का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य डिजिटल सबूतों के आधार और मुखबिर की सूचना पर घुंटी चौक जाने वाले मार्ग पर दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया. पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही से चोरी की 6 बाइकें भी बरामद की गईं.
पथरी थाना प्रभारी रविंद्र सिंह ने बताया कि, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सुधांशु पुत्र पवन और मनीत पुत्र श्याम सिंह निवासी ग्राम धनपुरा, थाना पथरी, जिले हरिद्वार के रूप में हुई है. पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनका चालान कर दिया है. पुलिस ने बताया कि वाहन चोरी के मामलों में शामिल अन्य संदिग्धों और गिरोह के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें:

