ETV Bharat / state

लक्सर रेलवे स्टेशन पर बम की सूचना से अफरा-तफरी, झूठी जानकारी देने पर युवक गिरफ्तार

युवक ने फोन कर बोला- लक्सर रेलवे स्टेशन पर बम है, यह सूचना मिलते ही पुलिस के कान हुए खड़े, खंगाला पूरा रेलवे स्टेशन

LAKSAR RAILWAY STATION BOMB
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी (फोटो सोर्स- Police)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : February 26, 2026 at 9:58 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

लक्सर: एक युवक ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर लक्सर रेलवे स्टेशन पर बम होने की झूठी सूचना दे दी. सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. घंटों तक जीआरपी यानी गवर्नमेंट रेलवे पुलिस ने बीडीएस यानी बम निरोधक दस्ता के साथ मिलकर रेलवे स्टेशन को खंगाला, लेकिन कुछ नहीं मिला. जिस पर पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया.

लक्सर रेलवे स्टेशन पर बम की सूचना से मचा हड़कंप: जानकारी के मुताबिक, 26 फरवरी की सुबह किसी व्यक्ति ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन पर सूचना दी कि लक्सर रेलवे स्टेशन पर बम लगाया गया है. रेलवे स्टेशन पर बम की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों के कान खड़े हो गए. आनन-फानन में उच्चाधिकारियों को तत्काल सूचना दी गई.

जीआरपी और बम निरोधक दस्ते ने खंगाला रेलवे स्टेशन: उच्चाधिकारियों के निर्देश पर जीआरपी और बम निरोधक दस्ते ने तत्काल रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर चेकिंग शुरू कर दी. इस दौरान प्लेटफार्म पर यात्रियों, सामान और ट्रेनों की भी जांच की गई. घंटों तक जांच में बम जैसी कोई वस्तु नहीं मिलने पर पुलिस ने राहत की सांस ली.

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार: इसके बाद पुलिस ने सूचना देने वाले व्यक्ति के मोबाइल नंबर की जानकारी निकाली. जानकारी के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम कुलबीर निवासी खानपुर (हरिद्वार) बताया. पूछताछ में उसने पुलिस को गलत सूचना देने की बात भी स्वीकारी.

"आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उससे मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है. आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा. इस तरह की अफवाह फैलाने वाले पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी."- रचना देवरानी, थानाध्यक्ष, लक्सर

हाल में उत्तराखंड के तमाम जिला न्यायालयों को मिल चुकी उड़ाने की धमकी: बता दें कि हाल में उत्तराखंड हाईकोर्ट समेत कई जिलों के जिला न्यायालय को मेल के जरिए बम से उड़ाने ती धमकी दी गई थी. जिससे न्यायालयों और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था. सबसे पहले यह धमकी नैनीताल कोर्ट को मिली, फिर यह सिलसिला उत्तरकाशी, टिहरी, हरिद्वार, देहरादून समेत अन्य जिलों तक पहुंचा. हालांकि, अभी इस मामले में जांच चल रही है.

ये भी पढ़ें-