रांची में सिस्टम हैक करके एग्जाम में गड़बड़ी का प्रयास, चार गिरफ्तार
रांची में सिस्टम हैक करके परीक्षा में गड़बड़ी करने का प्रयास किया गया है.

Published : May 22, 2026 at 10:47 PM IST
रांची: राजधानी के टाटीसिलवे में भी एसएससी जीडी परीक्षा में गड़बड़ी की साजिश रची गई थी लेकिन पुलिस की सतर्कता की वजह से एक बार फिर परीक्षा में गड़बड़ी को पकड़ लिया गया है. इस मामले में कार्रवाई करते हुए रांची पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
क्या है पूरा मामला
दरअसल, रांची सीनियर एसपी राकेश रंजन को सूचना मिली थी कि टाटीसिलवे थाना क्षेत्र अंतर्गत डोल बगीचा नामक जगह पर स्थित जीनियस इंस्टीयूट आफ टेक्नोलॉजी में स्टाफ सलेक्सन कमीशन नई दिल्ली द्वारा आयोजित SSC (GD/CONSTABLE) CAPF परीक्षा-2026 के संचालन के दौरान कंप्यूटर सिस्टम को हैक करने की कोशिश की गई है.
कार्रवाई से पहले गठित हुआ दल
इसी सूचना के आलोक में एससपी रांची द्वारा एसपी ग्रामीण के निर्देशन और डीएसपी वन रांची के नेतृत्व में टाटीसिलवे थाना के पदाधिकारियों को शामिल करते हुए एक सत्यापन एवं छापामारी दल का गठन किया गया. जिसके बाद गठित छापामारी दल के द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण शुरू किया गया.
जिसमें पाया गया कि ऑनलाइन परीक्षा केंद्र के प्रथम तल के लैब-1 में एक परीक्षार्थी के द्वारा परीक्षा शुरू होने के थोड़ी देर पहले परीक्षा केंद्र के परीक्षा निरीक्षक संजीत कुमार के बताए अनुसार कंप्यूटर सिस्टम को रि-स्टार्ट किया गया, जो परीक्षा संचालन के मानक प्रक्रिया के प्रतिकूल था.
कंप्यूटर सिस्टम के रि-स्टार्ट करने के बाद प्रथम दृष्टया ज्ञात हुआ कि कंप्यूटर सिस्टम को कहीं और से नियंत्रित किया जा रहा है. जिसके बाद यह पता चला कि कंप्यूटर सिस्टम की स्क्रीन के मिररिंग एवं सिस्टम के हैकिंग की गई है.
परीक्षार्थी की हुई जांच
ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि शक के आधार पर एक परीक्षार्थी से पूछताछ की गई. परीक्षार्थी का नाम पता पूछने पर उसने अपना नाम- मृत्युंजय कुमार यादव, पता-ग्राम-टाली डालचन्द, थाना-गुठनी, जिला- सिवान, बिहार बतलाया. उसके बाद अभ्यर्थी मृत्युंजय कुमार यादव एवं इनविजिलेटर संजीत कुमार से बारी पूछताछ पर इन दोनों के द्वारा अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया गया कि ऑनलाइन परीक्षा केंद्र के सड़क पार स्थित राजू मुंडा व्यक्ति के घर पर किरायेदार के रूप में परीक्षा केन्द्र के केन्द्राधीक्षक विकाश कुमार एवं आईटी कर्मी मुन्ना राज रहते है.
ऑनलाइन हैक करके किए जातेप्रश्न पत्र हल!
वहीं पर कंप्यूटर सिस्टम लगाकर परीक्षा केन्द्र में स्थित कंप्यूटर सिस्टम को इंटरनेट एवं आईपी के माध्यम से ऑनलाइन हैक किया जाता है तथा परीक्षार्थी के प्रश्नपत्र हल कराये जाते हैं. प्राप्त तथ्य के सत्यापन के बाद विकास कुमार एवं मुन्ना राज को भी गिरफ्तार किया गया तथा उनके कब्जे से 1 कंप्यूटर सिस्टम, 3 मोबाइल फोन, 2 विद्यार्थीयों के बैंक चेक सहित मूल शैक्षणिक एवं अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई.
ऑनलाइन चीटिंग कराने का आरोप
अनुचित माध्यमों का सहारा लेकर परीक्षा में कदाचार करने एवं कराए जाने के आरोप में गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ में ज्ञात हुआ कि परीक्षा पास कराने के नाम पर बिचौलिया के माध्यम से विद्यार्थीयों कि सेटिंग ऑनलाइन परीक्षा केन्द्र के संचालक एवं कर्मियों से कराई गई है तथा इसके एवज में 6 लाख रूपये से लेकर 10 लाख रूपये तक रकम की वसूली की जाती है.
परीक्षा पास कराने के एवज में 6 लाख की मांग
गिरफ्तार अभ्यार्थी द्वारा पूछताछ के क्रम में बताया गया कि बिहार के एक बिचौलिया के द्वारा 6 लाख रूपये में परीक्षा पास कराने की सेटिंग ऑनलाइन परीक्षा केंद्र के संचालक एवं कर्मी से कराई गई थी तथा इसके लिए बिचौलिया के द्वारा अभ्यार्थी का मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र अपने कब्जे में रख लिया गया.
अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज
इस घटना में ऑनलाइन परीक्षा में कदाचार कराये जाने में संगठित अपराधिक गिरोह संलिप्त है. जिसके अन्य सदस्यों को चिन्हित कर लिया गया है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है. साथ ही घटना में गिरफ्तार अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास से संबंध में भी छानबीन की जा रही है. इस संबंध में टाटीसिलवे थाना कांड सं- 58/2026, 21.5.2026 धारा-112 (2) B.N.S and 10/11 The Public Examination (Prevention of Unfair Means) Act- 2024 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई है.
गिरफ्तार अभियुक्तों का नाम एवं पता-
- मृत्युंजय कुमार यादव, 20 वर्ष, पता- ग्राम ताली डालचंद, थाना-गुठनी, जिला सिवान, बिहार.
- संजीत कुमार, उम्र 25 वर्ष, पता- बृजनंदन ठाकुर, पता-ग्राम मुबारकपुर, थाना-हरनोत, जिला- नालंदा, बिहार.
- विकास कुमार, उम्र 29 वर्ष, पता- ग्राम महमुदाबाद, थाना- बिन्द, जिला, नालंदा
- मुन्ना राज, उम्र 29 वर्ष, पता-ग्राम- शाहगंज महेंदु, थाना- सुल्तानगंज, जिला-पटना, बिहार.
बरामद सामग्री-
- कम्पयूटर मॉनिटर- 2
- सीपीयू- 3
- ब्राडबैंड/वाईफाई डीवाइस- 1
- की- बोर्ड- 2
- माऊस- 2
- एंड्रॉयड मोबाइल- 3
- गिरफ्तारी अभ्यर्थी का एडमिट कार्ड एवं आधार कार्ड
- बैंक चेक- 5
- दो अभ्यर्थीयों का मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र
ये भी पढ़ें- JET परीक्षा में गड़बड़ी पर बाबूलाल मरांडी का हमला, कहा- JPSC अध्यक्ष को हटाएं मुख्यमंत्री, लगाए गंभीर आरोप
सहायक आचार्य परीक्षा 2023 में गड़बड़ी का आरोप, अभ्यर्थियों ने राज्यपाल से की सीबीआई जांच की मांग
झारखंड की पांच प्रतियोगी परीक्षा जो साल 2024 में बनी सुर्खियां, जानें, पूरा लेखा-जोखा!

