हजारीबाग में दोहरे हत्याकांड का खुलासा, छेड़छाड़ का विरोध करने पर की नाबालिग लड़की और उसके छोटे भाई की हत्या
हजारीबाग में दो नाबालिग भाई-बहन के निर्मम हत्याकांड में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.


Published : June 3, 2026 at 6:40 PM IST
हजारीबाग: पुलिस ने 11 वर्षीय लड़की और उसके 3 वर्षीय भाई के अपहरण और हत्या के मामले का सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है. एसआईटी ने आरोपी संजीत पासवान को गिरफ्तार कर लिया है.
कटकमदाग थाना क्षेत्र में 27 मई 2026 को दोनों नाबालिग बच्चे लापता हो गए थे. लड़की की उम्र 11 वर्ष और छोटे भाई की उम्र 3 वर्ष बताई जा रही है. उनके पिता ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने विशेष जांच दल (SIT) गठित किया. टीम ने सघन छानबीन शुरू की. 31 मई 2026 को सिंदूर स्थित श्मशान घाट के पास बच्ची का शव बरामद हुआ. इसके बाद पास के एक कुएं से छोटे बच्चे का शव भी निकाला गया. दोनों शवों पर गला घोंटने के निशान थे.
आरोपी का खुलासा और कबूलनामा
पुलिस ने हजारीबाग से ही संजीत पासवान को गिरफ्तार किया. पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. उसने बताया कि वह गाड़ियों के शोरूम में काम करता था और पीड़ित लड़की से उसकी जान-पहचान थी.
आरोपी ने अपने बयान में क्या कहा
27 मई को उसने मोबाइल दिलाने के बहाने दोनों बच्चों को अपनी स्कूटी पर बिठाया और उन्हें सिंदूर श्मशान घाट ले गया. वहां सुनसान जगह का फायदा उठाकर उसने लड़की के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की. लड़की के शोर मचाने पर उसने उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी. इसके बाद छोटे बच्चे की भी गला घोंटकर हत्या कर दी. उसने बच्चे का शव प्लास्टिक के बोरे में भरकर कुएं में फेंक दिया, जबकि बच्ची का शव पास की नदी में फेंक दिया.
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मामले में इस्तेमाल स्कूटी और प्लास्टिक का बोरा बरामद कर लिया है. इस मामले के खुलासे में जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों तथा स्थानीय थाना प्रभारियों ने अहम भूमिका निभाई. मामले में पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है.
ये भी पढ़ें:
गिरिडीह में दंपती पर हमला, पति की मौत, पत्नी गंभीर रूप से घायल
पलामू ऑनर किलिंग! बेटी को मौत के घाट उतारने वाला पिता गिरफ्तार

