पत्नी की निगरानी की जिम्मेदारी बनी मौत की वजह! खूंटी डबल मर्डर केस में सनसनीखेज खुलासा
खूंटी डबल मर्डर केस का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.


Published : May 27, 2026 at 4:50 PM IST
रांची: खूंटी जिले में हुए चर्चित डबल मर्डर केस का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. साइको थाना क्षेत्र के मारहाबुरू पहाड़ से बरामद प्रेमी जोड़े के शव मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. हत्या की वजह दोस्त पर पत्नी की देखभाल की जिम्मेदारी सौंपना और कथित लापरवाही बताई जा रही है.
एसपी ऋषभ गर्ग ने किया कांड का खुलासा
खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 17-18 मई की रात जिउरी बड़ा टोला निवासी विशु पाहन (17) और सुमी मुण्डू (17) साइको गांव में छऊ नृत्य देखने पहुंचे थे. इसी दौरान मेला स्थल से करीब 300 मीटर दूर धारदार टांगी से काटकर दोनों की निर्मम हत्या कर दी गई. हत्या के बाद आरोपियों ने शवों को मारहाबुरू पहाड़ की झाड़ियों में छिपा दिया था, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके.
इस वजह से कर दी दोस्त की हत्या
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी सुम्बर सिंह मानकी (21) की हाल ही में शादी हुई थी. बाहर काम पर जाने के दौरान उसने अपने दोस्त विशु पाहन को पत्नी का ख्याल रखने की जिम्मेदारी दी थी. इसी बीच आरोपी की पत्नी का किसी अन्य युवक से संबंध हो गया. सुम्बर सिंह को शक था कि विशु ने उसे इस बारे में जानकारी नहीं दी और उसकी लापरवाही की वजह से उसका वैवाहिक जीवन प्रभावित हुआ.
सुम्बर सिंह मानकी समेत तीन गिरफ्तार
इसी गुस्से में आरोपी ने मेले में पहुंचे विशु पर टांगी से हमला कर दिया. वहीं, साथ मौजूद सुमी मुण्डू ने जब विशु को बचाने की कोशिश की, तो आरोपी ने उसकी भी हत्या कर दी. एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि डीएसपी मंगल सिंह जामुदा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सुम्बर सिंह मानकी को गिरफ्तार किया.
हत्या में इस्तेमाल टांगी बरामद
उसकी निशानदेही पर शव ठिकाने लगाने में मदद करने वाले गोमेया सोय और बुधराम सोय को भी दबोच लिया गया. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल टांगी, खून लगे कपड़े और मिट्टी बरामद कर लिया है. फिलहाल, तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है.
यह भी पढ़ें:
खूंटी में छऊ नृत्य देखकर लौट रहे युवक युवती की बेरहमी से हत्या, डबल मर्डर से इलाके में फैली सनसनी
खूंटी में लाइनमैन को बदमाशों ने मारी गोली, जमीन विवाद के एंगल पर जांच तेज

