ETV Bharat / state

ट्रेन-बस यात्रियों को बनाते थे निशाना, पलक झपकते गायब कर देते थे कीमती सामान, 7 गिरफ्तार

गोरखपुर पुलिस ने गैंग का किया खुलासा, प्रयागराज, कानपुर, आगरा, फिरोजाबाद में घटनाओं को दिया अंजाम.

गोरखपुर में चोर गैंग का खुलासा.
गोरखपुर में चोर गैंग का खुलासा. (Photo Credit; ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : May 3, 2026 at 8:10 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

गोरखपुर: पुलिस ने चोरी की घटना को अंजाम देने वाले अंतर्जनपदीय गैंग के सदस्यों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए 7 आरोपी अलग-अलग गैंग बनाकर घटना को अंजाम देते थे. ये सुबह होटल से निकलते थे और रेकी करते थे. चिन्हित करने के बाद अपनी टीम को इकट्ठा कर चोरी की घटना को अंजाम देते थे. ज्यादातर इनका शिकार ट्रेन, बस के यात्री होते थे. इन पर प्रदेश के कई जिलों में तीन दर्जन से अधिक मुकदमे पंजीकृत हैं.

गोरखपुर में चोर गैंग का खुलासा. (Video Credit; ETV Bharat)

एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि पकड़े गए गैंग के सदस्यों में पांच पर एक-एक थाना क्षेत्र में मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अर्जुन पुत्र सत्य प्रकाश, संत नगर चंदवार फिरोजाबाद का रहने वाला है, उसके खिलाफ 21 मुकदमे दर्ज हैं. ऐसे ही मुकेश कुमार पुत्र कारी सिंह, जो हाथरस का रहने वाला है, उसके खिलाफ 13 मुकदमे दर्ज हैं. इनके अपराधिक इतिहास की बात करें तो ये प्रयागराज, कानपुर, आगरा, फिरोजाबाद, एटा, जौनपुर, नोएडा और गोरखपुर सहित तमाम जनपदों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं. इनके खिलाफ अलग-अलग थाना क्षेत्र में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई है.

गोरखपुर में गैंग की यह पहली घटना थी. पुलिस के मुताबिक बीते 17 अप्रैल को सुबह 7 बजे गोरखपुर बस स्टेशन से एक परिवार फाजिलनगर के लिए बस पर बैठा. जब घर पहुंचा तो उसके ट्रॉली बैग से नगदी समेत कीमती जेवर गायब मिले. इस बात की सूचना कैंट पुलिस को पीड़ित ने दी. पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत करते हुए चोरों के खिलाफ निगरानी बढ़ा दी. जिसके क्रम में सात आरोपियों को पुलिस ने चोरी में प्रयोग होने समान के साथ गिरफ्तार किया है.

पकड़े गए सभी की उम्र 30 से 40 के बीच है. उनके पास से एक ऑरेंज कलर की साड़ी, 15 सेफ्टी पिन, चाकू, 10 छोटी कैंची और 4000 नगद बरामद किए गए हैं. पुलिस के मुताबिक, पहले ये सभी शातिरांना अंदाज में राहगीरों को निशाना बनाते थे और रैकी करते थे. फिर घटना को अंजाम देते थे. फिलहाल पुलिस ने इन सभी सातों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

यह भी पढ़ें: गोरखपुर में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने शुरू की ‘गविष्टि यात्रा’, गो रक्षा पर योगी सरकार को घेरा