झारखंड में नगर निकाय चुनाव के लिए पुलिस-प्रशासन तैयार, सुरक्षा-व्यवस्था की जा रही पुख्ता
झारखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है.

Published : February 21, 2026 at 5:52 PM IST
रामगढ़/धनबाद/बोकारो: झारखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की जा रही है. प्रदेश में मतदान कराने को लेकर जिला के साथ साथ पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है. वोटिंग के दिन सुरक्षा कैसी रहेगी, इस पर प्रशासनिक अधिकारियों ने शहर में फ्लैग मार्च निकाला.
मतदान दिवस 23 फरवरी को पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष सुरक्षा व्यवस्था रहेगी. जिसको लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष दल का गठन किया गया है. जिससे की मतदान के दौरान आचार संहिता का विशेष ख्याल रखा जा सके. सुरक्षा की दृष्टि से निकाय चुनाव को तीन जोन में बांटा गया है. जिसमें सामान्य, संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्र शामिल है.
चास नगर निगम के गरगा पुल रहेगा सील
बोकारो के चास डीएसपी प्रवीण कुमार सिंह ने जानकारी दी कि मतदान के दिन चास नगर निगम क्षेत्र का प्रमुख प्रवेश मार्ग गरगा पुल सील रहेगा. यह निर्णय निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है. निगम क्षेत्र में डीएसपी प्रवीण सिंह के नेतृत्व में घूम कर लोगों को निर्भीक होकर वोट देने का भी अपील किया जा रहा है.
प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि बीएस सिटी क्षेत्र से मतदान दिवस पर गरगा पुल के रास्ते केवल मतदाताओं को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी. मतदाताओं को अपना पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य होगा. बिना वैध कारण या पहचान के किसी भी व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी. सुरक्षा बलों द्वारा सघन जांच की जाएगी और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी.
बड़े वाहनों की भी रहेगी नो-इंट्री
मतदान प्रक्रिया को प्रभावित होने से बचाने के लिए बड़े व्यावसायिक वाहनों, भारी मालवाहक ट्रकों और अनावश्यक यातायात पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को ही प्रशासनिक अनुमति के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा. यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की गई है और संबंधित क्षेत्रों में दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की जाएगी.
निकाय चुनाव को लेकर चिरकुंडा में अलर्ट, पुलिस ने किया फ्लैग मार्च
23 फरवरी होने वाले निकाय चुनाव को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है. इस बीच क्षेत्र में चुनावी सुरक्षा को लेकर निरसा एसडीपीओ रजत मणिक बाखला के नेतृत्व में फ्लैग मार्च किया गया. क्षेत्र के संवेदनशील क्षेत्रों में भी सुरक्षा का खास ध्यान रखा जा रहा है. मतदान के दौरान कोई भी असामाजिक तत्वों के जरिए क्षेत्र के शांति और सौहार्द को बिगाड़ने की कोशिश करता है तो उसकी जानकारी तुरंत पुलिस को देने की बात कही है. ताकि ऐसे लोगों के लिए खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई कर सके.
निरसा एसडीपीओ रजत मणिक बाखला ने बताया कि 23 फरवरी को मतदाता निर्भीक होकर अपने मत का प्रयोग कर सके, इसके लिए निरसा पुलिस पूरी तरह से तैयार है. शनिवार को चिरकुंडा शहरी क्षेत्रों के हर वार्डो में पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च किया गया. अक्सर चुनाव के दौरान समाज में अफवाहों या असंवेदनशील बातों को बढ़ावा दिया जाता है, जिसे रोकने के लिए अलग-अलग थाना ओपी क्षेत्रों की पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च किया जा रहा है. फ्लैग मार्च करने से असामाजिक तत्वों को बढ़ावा देने वाले लोगों के मन में कानून का डर बना रहता है और लोग शांतिपूर्वक मतदान कर पाते हैं.
रामगढ़ नगर परिषद में लगाए गए 615 मतदान कर्मी
नगर निकाय चुनाव में मतदान को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए 98 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. जिसमें 90 मतदान केंद्र और 8 सहायक मतदान केंद्र शामिल है, जो 60 भवनों में संचालित होंगे. चुनाव ड्यूटी में लगभग 615 मतदान कर्मी, 14 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 3 जोनल मजिस्ट्रेट और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहेंगे. इसके लिए लगभग 125 छोटे-बड़े वाहन लगाए गए हैं. जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी रविंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि रविवार को रामगढ़ कॉलेज परिसर से मतदान कर्मियों को चुनावी सामग्री का वितरण किया जाएगा. सुरक्षा के दृष्टिकोण से प्रशासन ने संवेदनशील और अति-संवेदनशील बूथों की पहचान कर ली है.
धनबाद नगर निगम में बनाया गया है 6 सुपर जोन
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि सभी 1019 बूथों पर शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए पुख्ता तैयारी कर ली गई है. धनबाद नगर निगम और चिरकुंडा नगर परिषद क्षेत्र को 6 सुपर जोन और कुल 21 जोन में बांटा गया है. प्रत्येक सुपर जोन में एक डीएसपी 25 पुलिस जवानों के साथ रायट कंट्रोल गियर और वाटर कैनन से लैस रहेंगे. बूथ से लेकर रिसीविंग सेंटर तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. अति संवेदनशील बूथों पर चार, संवेदनशील पर तीन और सामान्य बूथों पर दो पुलिस पदाधिकारी तैनात रहेंगे. निगम में 4000 से अधिक पुलिस बल चुनाव ड्यूटी में लगे रहेंगे.
एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि जिले में 4 क्विक रिस्पांस टीम वाटर कैनन के साथ तैनात रहेंगी. 23 ग्रीन कॉरिडोर बनाए गए हैं. किसी भी सूचना पर मात्र 5 मिनट में पुलिस मौके पर पहुंचेगी. जिला नियंत्रण कक्ष सहित कतरास, झरिया और चिरकुंडा में भी कंट्रोल रूम बनाए गए हैं. आम नागरिक 0326-2311860 पर कॉल कर सूचना दे सकते हैं.
ये भी पढ़ें: रांची में उत्पाद विभाग की छापेमारी, 25 हजार लीटर स्प्रिट जब्त, संचालक फरार

