दुर्ग में देवार डेरा में खूनी संघर्ष के बाद पुलिस का सर्च ऑपरेशन, गांजा-शराब, तलवार समेत कई अवैध सामग्री मिली
खुर्सीपार थाना इलाके के देवार बस्ती में 50 जवानों की दबिश, 10 किलो से ज्यादा गांजा, कुछ लोगों की गिरफ्तारी

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : June 3, 2026 at 9:03 PM IST
दुर्ग: जिले में पुलिस ने ऑपरेशन विश्वास के तहत नशे और असामाजिक तत्वों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है. थाना खुर्सीपार अंतर्गत देवार बस्ती में दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष और पथराव के बाद इलाके में तनाव फैल गया था. सूचना मिलते ही पुलिस ने मोर्चा संभाला और स्थिति को नियंत्रित किया. इसके बाद पुलिस को गांजा, शराब जैसे नशे के सामान मिले हैं.
पुलिस ने चलाया सर्च ऑपरेशन
विवाद की सूचना के बाद घटना के तुरंत बाद छावनी सीएसपी और खुर्सीपार थाना प्रभारी के नेतृत्व में करीब 50 जवानों की टीम ने देवार बस्ती में विशेष सघन सर्च ऑपरेशन चलाया. पुलिस ने घरों, छतों, खंडहर भवनों, कबाड़ की बोरियों और शौचालयों तक की तलाशी ली.

अतिक्रमण भी हटाया गया
ssp विजय अग्रवाल ने बताया कि, रात में लड़ाई-झगड़ा हुआ था, सुबह भी झगड़ा चल रहा था, यहां देवार डेरा है जहां आपसी लड़ाई की लगातार सूचना आती थी. बीच-बीच में पुलिस चेकिंग करती है लेकिन लगातार अशांति का माहौल बने रहने के बाद नगर निगम की टीम के साथ यहां अतिक्रमण हटाया गया है. वहीं तलाशी के दौरान गांजा भी मिला.
तलवार और शराब भी मिली है. कुछ लोगों की गिरफ्तारी हुई है उनसे पूछताछ की जा रही है और आगे की जांच और कार्रवाई जारी है- विजय अग्रवाल, SSP

सर्चिंग में क्या-क्या मिला?
तलाशी के दौरान पुलिस को बड़ी मात्रा में अवैध सामग्री बरामद हुई. कार्रवाई में करीब 10 से 12 किलो गांजा, गांजा पुड़िया बनाने में उपयोग होने वाले प्लास्टिक रैपर, 62 पौआ अवैध देसी और गोवा शराब, साथ ही 2 पैनी तलवारें जब्त की गईं. इसके अलावा बिना नंबर की संदिग्ध दोपहिया वाहन भी पुलिस ने कब्जे में लिए हैं.

पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. दुर्ग पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और नशा कारोबार पर लगाम लगाने के लिए आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी.

