बलौदा बाजार में खतरनाक स्टंट करने वालों पर पुलिस का एक्शन, जान जोखिम में डालने वालों को मिली चेतावनी
स्कूल विदाई समारोह के दौरान कसडोल में छात्रों ने किया था जानलेवा स्टंट. कुल 16 लोगों पर हुई कानूनी कार्रवाई.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 11, 2026 at 11:59 AM IST
बलौदा बाजार: स्कूल विदाई समारोह के दौरान कुछ छात्रों द्वारा खतरनाक स्टंट और उपद्रव करने का मामला कसडोल में सामने आया है. दरअसल, स्वामी आत्मानंद स्कूल कसडोल में आयोजित शाला विदाई कार्यक्रम के दौरान सड़क और स्कूल परिसर में चलते चारपहिया वाहनों में स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया.
कसडोल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 वाहन चालक और 12 अवयस्क बालकों सहित कुल 16 लोगों को पकड़ा. साथ ही 4 चारपहिया वाहनों को जब्त कर, वाहन चालकों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण भी दर्ज किए गए हैं.
खतरनाक स्टंट करने वालों पर एक्शन
कसडोल पुलिस के मुताबिक, पिछले सप्ताह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ. वीडियो में स्वामी आत्मानंद स्कूल कसडोल के कुछ छात्र शाला विदाई समारोह के दौरान स्कॉर्पियो और कार जैसे चारपहिया वाहनों में सवार होकर खतरनाक स्टंट करते दिखाई दिए. कोई वाहन की खिड़की से बाहर झुककर चीखता नजर आया, तो कोई चलती गाड़ी की छत और दरवाजों पर बैठकर शोर मचाता दिखा. वीडियो में यह भी साफ दिखाई दिया कि इन वाहनों में कई अवयस्क छात्र सवार थे, जो न तो वाहन चलाने की उम्र में थे और न ही उन्हें यातायात नियमों की परवाह कर रहे थे. सड़क पर इस तरह के स्टंट से किसी भी समय गंभीर हादसा हो सकता था.
पुलिस अधीक्षक ने दिए कार्रवाई के निर्देश
वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक ने कसडोल थाना प्रभारी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए. निर्देश स्पष्ट थे कि वीडियो में दिख रहे सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके. इन निर्देशों के तहत कसडोल पुलिस ने वीडियो फुटेज, सोशल मीडिया पोस्ट और स्थानीय जानकारी के आधार पर जांच शुरू की. वाहनों की पहचान, नंबर प्लेट और वीडियो में दिख रहे चेहरों के आधार पर संबंधित लोगों तक पहुंची.
16 लोग पकड़े गए जिसमें 12 नाबालिग शामिल
जांच के बाद 10 फरवरी 2026 को कसडोल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 4 वाहन चालक और मालिकों को पकड़ा. इनके साथ ही वीडियो में नजर आ रहे 12 अवयस्क बालकों को भी चिन्हित कर थाने बुलाया गया. इस तरह कुल 16 लोगों को पकड़ा गया. पूछताछ के दौरान सभी ने स्वीकार किया कि शाला विदाई कार्यक्रम के उत्साह में उन्होंने स्कॉर्पियो और कार में सवार होकर खतरनाक स्टंट किए.। किसी ने यह नहीं सोचा कि इस दौरान एक छोटी सी चूक किसी की जान भी ले सकती थी.
नाबालिगों को परिजनों के सामने लगाई गई कड़ी फटकार
वायरल वीडियो में दिख रहे सभी 12 अवयस्क बालकों के परिजनों को थाना कसडोल बुलाया गया. पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में बच्चों को कड़ी फटकार और समझाइश दी गई. उन्हें बताया गया कि इस तरह की हरकतें न केवल कानूनन अपराध हैं, बल्कि उनके अपने जीवन और दूसरों की जान के लिए भी गंभीर खतरा बन सकती हैं. परिजनों ने भी बच्चों को भविष्य में इस तरह की किसी भी गतिविधि में शामिल न होने की सख्त चेतावनी दी. पुलिस ने यह स्पष्ट किया कि यदि दोबारा इस तरह की घटना सामने आती है, तो कानूनी कार्रवाई और अधिक सख्त होगी.
सोशल मीडिया बना जोखिम की वजह
इस पूरे मामले में एक अहम पहलू सोशल मीडिया का प्रभाव भी सामने आया. पुलिस और प्रशासन का कहना है कि आजकल बच्चे और युवा सोशल मीडिया रील्स और वीडियो देखकर तेज रफ्तार बाइक चलाने, खतरनाक स्टंट करने और कानून को हल्के में लेने के लिए प्रेरित हो रहे हैं. कई बार यह दिखावे और लाइक्स की होड़ उन्हें ऐसे जोखिम उठाने पर मजबूर कर देती है, जिसका परिणाम गंभीर दुर्घटना या जानलेवा हादसा हो सकता है. कसडोल की यह घटना इसी मानसिकता का उदाहरण है.
पुलिस की युवाओं से अपील
बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने इस कार्रवाई के बाद युवाओं से खास अपील की है. पुलिस का कहना कि युवा खतरनाक स्टंट, रैश ड्राइविंग या नियमों के उल्लंघन से दूर रहें. पुलिस का कहना है कि सड़क पर किया गया एक गलत निर्णय न केवल आपकी जान ले सकता है, बल्कि आपके परिवार के लिए जीवन भर का दुख बन सकता है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी, चाहे इसमें कोई भी शामिल हो.
''लहरिया कट'' दिखाने वालों पर बलौदा बाजार पुलिस का तगड़ा एक्शन
बलौदा बाजार के छात्रों का विशाखापट्टनम दौरा, एजुकेशनल टूर से वैज्ञानिक सोच में होगा इजाफा
नौकरी की खबर: बलौदा बाजार में 11 फरवरी को लगेगा प्लेसमेंट कैम्प, 135 पदों पर होगी सीधी भर्तियां

