ETV Bharat / state

PMGSY योजना: MCB जिले में निर्माण के कुछ ही दिनों बाद उखड़ गई सड़क, गुणवत्ता और जांच पर उठे सवाल

पीएम ग्रामीण सड़क योजना के तहत कदरेवा–अनापुर मार्ग पर बनी सड़क की परत उखड़ने लगी है. अब भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे हैं.

Poor Road Quality Issue
PMGSY योजना: MCB जिले में निर्माण के कुछ ही दिनों बाद उखड़ गई सड़क (ETV BHARAT CHHATTISGARH)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : January 8, 2026 at 3:03 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

मनेंद्रगढ़–चिरमिरी–भरतपुर: जिले में के खड़गवां विकासखंड की सड़क कुछ ही दिनों में उखड़ने लगी है. प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना का मकसद है कि हर गांव को अच्छी सड़क से जोड़ा जाए, ताकि लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो लेकिन कदरेवा–अनापुर सड़क ने इन दावों की सच्चाई सामने ला दी है.

PMGSY योजना: कदरेवा–अनापुर मार्ग पर बनी सड़क, गुणवत्ता और जांच पर उठे सवाल (ETV BHARAT CHHATTISGARH)

बनते ही उखड़ने लगी सड़क: ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बने अभी कुछ ही दिन हुए थे, तभी इसकी ऊपरी परत उखड़ने लगी. डामर और गिट्टी सड़क से अलग होकर बिखर रहे हैं. हालात ऐसे हैं कि सड़क की परत हाथ या झाड़ू से भी हट जा रही है. जिस सड़क से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद थी, वही अब परेशानी का कारण बन गई है.

निर्माण के समय ही उठे थे सवाल: स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क निर्माण के दौरान ही काम की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे थे. इसके बावजूद ठेकेदार ने जल्दबाजी में काम पूरा कर दिया. आरोप है कि बिना ठीक से जांच किए ही अधिकारियों ने सड़क को पास कर दिया.

सड़क निर्माण में न तो मानक सामग्री का उपयोग हुआ और न ही गुणवत्ता की सख्त जांच की गई. बारिश के मौसम में सड़क और पूरी तरह टूट जाएगी इससे आवागमन बंद हो सकता है.- अशोक, ग्रामीण

पूरे सड़क निर्माण की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, दोषी ठेकेदार और इंजीनियरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, सड़क को दोबारा अच्छे से बनाना चाहिए- रामदीन, ग्रामीण

जांच और निगरानी पर सवाल: अब जब सड़क की हालत सबके सामने है, तो यह सवाल उठ रहा है कि निर्माण सामग्री और तकनीकी मानकों की जांच आखिर किस स्तर पर हुई. ग्रामीणों का मानना है कि अगर सही निगरानी होती, तो सड़क इतनी जल्दी खराब नहीं होती.

Poor Road Quality Issue
कदरेवा–अनापुर मार्ग पर बनी सड़क की परत उखड़ने लगी है (ETV BHARAT CHHATTISGARH)

अधिकारियों का वही रटारटाया जवाब: जब पीएम ग्रामीण सड़क योजना के मुख्य अभियंता से इस मामले में सवाल किया गया, तो उन्होंने कैमरे से दूरी बना ली और सिर्फ इतना कहा कि सुधार कर दिया जाएगा. ग्रामीणों का कहना है कि जो सड़क चार-पांच दिन में उखड़ जाए, उसे केवल सुधार की बात कहकर नहीं छोड़ा जा सकता.

जिले की दूसरी सड़कों को लेकर भी चिंता: एमसीबी जिले में पीएमजीएसवाई जनमन योजना के तहत करीब 103 सड़कों का निर्माण चल रहा है. ऐसे में कदरेवा–अनापुर सड़क की हालत ने बाकी सड़कों की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.

जर्जर सड़क और अव्यवस्थित यातायात का विरोध, कांग्रेस का चक्काजाम, एडका मोड़ चौक पर घंटों ठप रहा आवागमन
नारायणपुर कलेक्टर का ठेकेदार को अल्टीमेटम, छेरीबेड़ा-नारायणपुर रोड को मार्च 2026 तक पूरा करने के निर्देश
कवर्धा में सड़कों की बदहाली, रायपुर की टेक्निकल टीम ने की जांच, सड़क की गुणवत्ता मानकों पर खरी