पटना में PMCH की हेड नर्स की निर्मम हत्या
होली में ससुराल जाने को लेकर विवाद हुआ. पति ने पीट-पीटकर की नर्स की हत्या कर दी. आरोपी पुलिस हिरासत में हैं. पढ़ें खबर

Published : February 28, 2026 at 4:24 PM IST
पटना : पटना के दानापुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पारिवारिक विवाद ने भयावह रूप ले लिया. होली पर्व में ससुराल जाने को लेकर हुए विवाद में पति ने अपनी ही पत्नी की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है.
होली पर घर जाने को लेकर विवाद : घटना दानापुर थाना क्षेत्र के पूर्वी गोला रोड की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार शुक्रवार की देर रात पति-पत्नी के बीच होली पर्व को लेकर विवाद शुरू हुआ था. बताया जा रहा है कि महिला होली के अवसर पर ससुराल जाने के पक्ष में नहीं थी, जिसे लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी पति ने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी.
गला दबाकर हत्या : परिजनों एवं स्थानीय लोगों के अनुसार मारपीट के दौरान महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. आरोप है कि पति ने बेरहमी से पिटाई करने के साथ गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. आश्चर्य की बात तो यह रही कि आसपास के लोगों को पता तक नहीं चला.
PMCH में थी कार्यरत : मृतका की पहचान पीएमसीएच में कार्यरत हेड नर्स चांदनी कुमारी के रूप में की गई है. चांदनी कुमारी स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत थीं और अपने परिवार के साथ दानापुर इलाके में रह रही थीं. उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार और सहकर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई.
पति ने खुद दी पुलिस को जानकारी : घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति अपने दो वर्षीय पुत्र को लेकर अपने पैतृक घर छपरा पहुंचा. फिर देर रात वापस दानापुर आकर डायल 112 पर फोन कर पुलिस को खुद ही हत्या की जानकारी दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति को घर से हिरासत में ले लिया. पुलिस ने कमरे से चांदनी का शव बरामद कर अनुमंडलीय अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया और शव को परिजनों को सौंप दिया.
हिरासत में आरोपी पति : घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पति सोनू सिंह को हिरासत में ले लिया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है ताकि घटना के सभी पहलुओं की जानकारी मिल सके.
''प्रथम दृष्टया मामला पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. मृतका के परिजनों द्वारा लिखित आवेदन दिया जा रहा है, जिसके आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.''- प्रशांत कुमार भारद्वाज, दानापुर थाना प्रभारी
आज दिनांक 28.02.26 की प्रातः में #दानापुर थानांतर्गत श्रीराम नगर लेन 01 में एक व्यक्ति द्वारा अपनी पत्नी को पीटकर हत्या किए जाने की सूचना प्राप्त हुई।
— Patna Police (@PatnaPolice24x7) February 28, 2026
उक्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर FSL टीम के सहयोग से साक्ष्य संकलन करते हुए घटना की… pic.twitter.com/JsnZRxzMMC
सभी एंगल को तलाश रही पुलिस : दानापुर थाना प्रभारी प्रशांत कुमार भारद्वाज ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि होगी. फिलहाल पुलिस हत्या के सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है. फिलहाल दानापुर पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का पूर्ण खुलासा किया जाएगा.
लोगों में आक्रोश : घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी आक्रोश देखा जा रहा है. लोगों का कहना है कि मामूली पारिवारिक विवाद का इस तरह खौफनाक अंत होना बेहद दुखद और चिंताजनक है. वहीं पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें :-
पटना में 12वीं छात्रा की मौत, परिवार का आरोप- 'कोचिंग की चौथी मंजिल से फेंका'
पटना में दिनदहाड़े एक शख्स की गोली मारकर हत्या, कुछ दिन पहले ही जेल से निकला था बाहर
पटना में 8 लोगों ने घेरकर युवक को गोदा चाकू, हत्या के बाद से इलाके में सनसनी

