पीएम नरेंद्र मोदी ने वर्चुअली रखी जयपुर मेट्रो फेज 2 की नींव, वसुंधरा बोलीं- मोदी ने जो कहा, वो किया; नियुक्ति पत्र भी बांटे
प्रदेशभर में करीब 53 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए, जबकि जयपुर जिले में 5,664 युवाओं को रोजगार का अवसर मिला.

Published : July 4, 2026 at 3:21 PM IST
|Updated : July 4, 2026 at 3:28 PM IST
जयपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पचपदरा से एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी को राष्ट्र को समर्पण किया. प्रदेशभर में इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया. इसी कार्यक्रम में उन्होंने जयपुर मेट्रो फेज-2 के निर्माण कार्य की वचुर्अली आधारशिला रखी. जयपुर के एसएमएस इंडोर स्टेडियम में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से लाइव स्क्रीनिंग की गई. कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने युवाओं को नियुक्ति पत्र भी दिए और स्टेडियम में मौजूद बड़ी संख्या में लोगों के साथ प्रधानमंत्री का संबोधन सुना. इस दौरान वसुंधरा राजे ने पीएम मोदी का प्रदेशवासियों की ओर से इन सौगातों के लिए आभार जताते हुए कहा कि ये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं जो कार्य शुरू करते हैं, उसे पूरा भी करते हैं. इससे पहले पीएम मोदी ने जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन के उद्घाटन भी किया था.
53 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र: जयपुर में हुए कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा, जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा, विधायक गोपाल शर्मा, कालीचरण सर्राफ सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. विभिन्न विभागों में चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए. प्रदेशभर में करीब 53 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए, जबकि जयपुर जिले में 5,664 युवाओं को रोजगार का अवसर मिला. इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह राजस्थान के लिए ऐतिहासिक दिन है.
उन्होंने कहा कि उन्हें वर्ष 2016 की वह सभा याद है, जब बाड़मेर में प्रधानमंत्री मोदी ने रिफाइनरी परियोजना का शिलान्यास किया था. आज उसी परियोजना का राष्ट्र को समर्पण यह दर्शाता है कि प्रधानमंत्री जो कार्य शुरू करते हैं, उसे पूरा भी करते हैं. राजे ने कहा कि केवल रिफाइनरी ही नहीं, बल्कि जयपुर मेट्रो फेज-2 की शुरुआत भी राजधानी के विकास को नई दिशा देगी. उन्होंने कहा कि लंबे समय से जिस परियोजना का इंतजार था, आज वह धरातल पर उतर रही है.

41 किलोमीटर लंबी मेट्रो लाइन: राजे ने कहा कि 13,037 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली लगभग 41 किलोमीटर लंबी मेट्रो लाइन शहर के सार्वजनिक परिवहन तंत्र को मजबूत करेगी और लाखों लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से राजस्थान में लगातार बड़ी विकास परियोजनाएं साकार हो रही हैं. रिफाइनरी, मेट्रो और एयरपोर्ट जैसी परियोजनाएं केवल आधारभूत ढांचे का विस्तार नहीं हैं, बल्कि रोजगार, निवेश और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति देंगी. उन्होंने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं का लाभ आने वाले वर्षों में पूरे प्रदेश को मिलेगा.

हर ग्राम पंचायत तक पहुंचा प्रधानमंत्री का कार्यक्रम: प्रधानमंत्री के पचपदरा रिफाइनरी के राष्ट्र को समर्पण कार्यक्रम को लेकर पूरे राजस्थान में व्यापक स्तर पर तैयारियां की गईं. कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों, नगर निकायों और जिला मुख्यालयों तक पहुंचाने के लिए एलईडी स्क्रीन और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की विशेष व्यवस्था की गई, ताकि अधिक से अधिक लोग इस ऐतिहासिक अवसर से जुड़ सकें.
तालियों से गूंज उठा पांडाल : कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जैसे ही पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का नाम लिया, पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा. मोदी ने पचपदरा में अपने भाषण के दौरान कहा कि एक समय लोगों को आशंका थी कि क्या गुजरात राजस्थान के साथ नर्मदा का पानी साझा करेगा, लेकिन उस समय गुजरात और राजस्थान, दोनों राज्यों में भाजपा की सरकार थी. उन्होंने कहा कि वे गुजरात के मुख्यमंत्री थे और वसुंधरा राजे राजस्थान की मुख्यमंत्री थीं. दोनों सरकारों ने बिना किसी विवाद, आंदोलन या टकराव के आपसी समन्वय और सहयोग से नर्मदा जल साझेदारी का रास्ता निकाला. प्रधानमंत्री ने इसे सहकारी संघवाद और विकास के प्रति प्रतिबद्धता का उदाहरण बताते हुए कहा कि जब राजनीतिक इच्छाशक्ति और सहयोग की भावना हो, तो बड़े से बड़े कार्य भी सहजता से पूरे किए जा सकते हैं. पीएम मोदी जब वसुंधरा राजे का नाम ले रहे थे तो जयपुर के एसएमएस स्टेडियम में कार्यक्रम के लाइव प्रसारण के दौरान मौजूद लोगों ने भी जोरदार तालियां बजाकर स्वागत किया.

