पीएम मोदी की अजमेर में सभा आज, भाजपा ने निकाला मशाल जुलूस
पीएम मोदी की सभा के कारण अजमेर के रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी ने अपनी सतर्कता बढ़ा दी है.

Published : February 27, 2026 at 8:16 PM IST
अजमेर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 28 फरवरी को अजमेर में विशाल सभा होगी. इसे लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है. पार्टी का दावा है कि 3 लाख से अधिक लोग सभा में शामिल होंगे. पीएम के आगमन से एक दिन पहले देर शाम भाजपा ने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि के बाद मशाल जुलूस निकाला. केंद्रीय राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, प्रदेश महामंत्री मिथिलेश गौतम समेत कई नेता इसमें शामिल हुए, जबकि सीएम भजनलाल शर्मा और प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ नहीं आए. इधर जीआरपी और आरपीएफ ने रेलवे स्टेशन पर सघन तलाशी अभियान चलाया.
केंद्रीय मंत्री चौधरी ने कहा कि पीएम मोदी प्रदेश को बड़ी सौगात देंगे और युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटेंगे. गौतम ने बताया कि यह सभा 'मोदी का मेला' होगी. इससे पहले सीएम शर्मा ने सभा स्थल कायड़ विश्राम स्थली पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए.
रेलवे स्टेशन पर सघन तलाशी अभियान: रेलवे स्टेशन पर आने वाली सभी ट्रेनों की गहनता से जांच की जा रही है. ट्रेन से अजमेर उतरने वाले यात्रियों की भी बारीकी से जांच हो रही है. जीआरपी और आरपीएफ ने शुक्रवार को रेलवे स्टेशन पर संयुक्त रूप से सघन तलाशी अभियान चलाया. हालांकि इस तलाशी अभियान में कोई भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु जीआरपी और आरपीएफ के हाथ नहीं लगी. पीएम मोदी की अजमेर सभा को देखते हुए रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त सुरक्षा बढ़ा दी गई है. चौबीस घंटे सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जा रही है. रेलवे स्टेशन के हर गेट पर यात्रियों के आने-जाने के दौरान कड़ी जांच हो रही है. आरपीएफ की डॉग स्क्वायड टीम ने भी रेलवे स्टेशन के चप्पे-चप्पे पर जांच की है.

कायड़ विश्राम स्थली बनी छावनी: पीएम के सभा स्थल विश्राम स्थली के भीतर शुक्रवार शाम से प्रवेश पर रोक लगा दी गई है. केवल प्रशासन से स्वीकृति प्राप्त व्यक्ति ही विश्राम स्थली में जा पा रहे हैं. विश्राम स्थली के चारों ओर हथियारबंद पुलिस के जवान पहरा दे रहे हैं. शनिवार सुबह 9 बजे से पीएम की सभा के लिए लोगों का आना शुरू हो जाएगा.
अजमेर के मुस्लिम युवाओं ने पीएम नरेंद्र मोदी के आने का स्वागत किया है. अजमेर शरीफ दरगाह इलाके में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की टीम ने दौरा किया और आज अजमेर के कायड़ विश्राम स्थल पर पीएम की जनसभा मे शामिल होने का लोगो को न्यौता निमंत्रण पत्र दिया. भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हमीद खान मेवाती के नेतृत्व में अजमेर दरगाह के निज़ाम गेट से धान मंडी तक रैली निकाली गई और आम लोगो को मोदी की सभा मे शामिल होने की अपील की गई.
इसे भी पढ़ें: अजमेर में पीएम मोदी की सभा आज, घर से निकलने से पहले पढ़ ले ट्रैफिक अपडेट
रैली के दौरान “ना दूरी है, ना खाई है- मोदी हमारे भाई हैं” के नारों से क्षेत्र में गूंज सुनाई दी. हमीद खान मेवाती के अनुसार भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं समेत मुस्लिम युवाओं और समाज के लोगों ने हिस्सा लिया. रैली में दुकानदारों और आम शहरी से संपर्क कर उन्हें जनसभा में शामिल होने का निमंत्रण पत्र भी दिया गया. अध्यक्ष हमीद खान मेवाती ने कहा कि प्रधानमंत्री की ये ऐतिहासिक जनसभा है जिसमे अजमेर समेत पूरे इलाके में विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी. उन्होंने लोगो से अधिक से अधिक मात्रा में शामिल होकर जनसभा को सफल बनाने की अपील की है.

रैली में दरगाह खादिम सैयद अफसान चिश्ती, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष मुंसिफ अली खान, जंग बहादुर पठान, अजमेर शहर मोर्चा जिला अध्यक्ष शफीक खान, अजमेर देहात के पूर्व जिला अध्यक्ष गुलाम मुस्तफा कुरैशी, शहर उपाध्यक्ष सैयद मेराज चिश्ती, शहर जनरल सैकेट्री सैयद सादिक अली, शाकिर खान, अलीम शेख, आमान खान, अजमत खान समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे.

