ETV Bharat / state

PM मोदी कल करेंगे हरियाणा में सर्वाइकल कैंसर वैक्सीनेशन अभियान का शुभारंभ, जिला स्तर पर पूरी तैयारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 फरवरी को हरियाणा में सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण अभियान का वर्चुअल शुभारंभ करेंगे.

Cervical Cancer Vaccination Haryana
हरियाणा में सर्वाइकल कैंसर वैक्सीनेशन अभियान (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : February 27, 2026 at 3:53 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

भिवानी: प्रदेश में महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर एक बड़ी और ऐतिहासिक पहल की जा रही है. दरअसल, 28 फरवरी यानी कि कल प्रधानमंत्री मोदी वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों में सर्वाइकल कैंसर वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत करेंगे. इस अभियान के तहत 14 से 15 वर्ष की बच्चियों को प्राथमिकता के आधार पर टीका लगाया जाएगा. भिवानी सहित प्रदेश के सभी जिलों में स्वास्थ्य विभाग ने आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं. साथ ही अभियान को सफल बनाने के लिए खास तैयारियां की गई है.

भारत में बढ़ रहा खतरा: विश्व स्तर पर महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर के मामलों में भारत चौथे स्थान पर है. देश में ब्रेस्ट कैंसर के बाद सर्वाइकल कैंसर महिलाओं के लिए दूसरा सबसे बड़ा खतरा बन चुका है. स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार 70 से 80 प्रतिशत मामलों का कारण ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) है. इसी संक्रमण से बचाव के लिए दुनिया के 160 से अधिक देशों में वैक्सीनेशन अभियान चलाया जा रहा है. अब भारत में भी इसे व्यापक स्तर पर लागू किया जा रहा है.

PM मोदी कल करेंगे हरियाणा में सर्वाइकल कैंसर वैक्सीनेशन अभियान का शुभारंभ (ETV Bharat)

जिला स्तर पर पूरी तैयारी: हरियाणा सरकार ने प्रत्येक जिले में पात्र बच्चियों की पहचान कर रूपरेखा तैयार कर ली है. वैक्सीनेशन की प्रक्रिया सिविल अस्पतालों के गायनिक विभाग में की जाएगी. भिवानी के सिविल सर्जन डॉ. रघुवीर सिंह शांडिल्य ने इस बारे में बताया कि, "अभियान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है. स्वास्थ्य विभाग की टीमें पूरी तरह मुस्तैद हैं." सिंगल डोज वैक्सीन से ही सर्वाइकल कैंसर से 70 से 80 प्रतिशत तक बचाव संभव है. यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी है."

लोगों से अपील: सर्जन डॉ. रघुवीर सिंह शांडिल्य ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की भ्रांतियों पर ध्यान न दें. साथ ही अपनी बेटियों का समय पर टीकाकरण कराएं, ताकि भविष्य में इस गंभीर बीमारी से सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.

ये भी पढ़ें:सोनीपत पहुंचे चिराग पासवान, प्रधानमंत्री मोदी की वैश्विक सराहना पर विपक्ष को घेरा, बोले- "PM के अपमान में विपक्ष देश का अपमान कर रहा"