बिहार में ट्रेन डिरेल करने की बड़ी साजिश, जानें पूरा मामला
बिहार में ट्रेन को निशाना बनानी की बड़ी साजिश रची गई थी, लेकिन समय रहते ड्राइवर ने इसे नाकाम कर दिया है. पढ़ें

Published : February 24, 2026 at 3:03 PM IST
दरभंगा : बिहार में पैसेंजर ट्रेन को पलटाने की साजिश को ट्रेन के ड्राइवर ने अपनी सूझबूझ से नाकाम कर दिया. निर्मली - झंझारपुर रेलखंड पर तमुरिया स्टेशन के पास असामाजिक तत्वों ने ट्रेन को डिरेल करने के इरादे से रात के अंधेरे में रेल की पटरी पर लोहे का एक बड़ा टुकड़ा रख दिया था. हालांकि, लोको पायलट की सूझबूझ से एक बड़ा रेल हादसा टल गया और सैकड़ों यात्रियों की जान बच गई.
बिहार में ट्रेन पलटाने की थी साजिश: जानकारी के अनुसार, सोमवार को रोज की तरह दरभंगा-फारबिसगंज डेमू स्पेशल ट्रेन अपने निर्धारित समय से जा रही थी. जैसे ही 9:15 बजे ट्रेन झंझारपुर के आगे तमुरिया स्टेशन के समीप पहुंची, चालक की नजर ट्रैक पर रखे एक करीब 3 मीटर लंबे पटरी के टुकड़े पर पड़ी.
ड्राइवर के सूझबूछ से टला बड़ा हादसा: खतरा भांपते हुए लोको पायलट ने बिना समय गंवाए इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए. चीखती हुई आवाज के साथ ट्रेन ट्रैक पर रखे लोहे के टुकड़े से कुछ ही दूरी पहले रुक गई. ट्रेन के अचानक रुकने से यात्रियों में अफरातफरी मच गई, लेकिन गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ.
ट्रैक पर था लोहे का बड़ा टुकड़ा: फिर जानकारी मिलते ही बगल के सिंगल से लोगों ने आकर लोहे के टुकड़े को हटाया. फिर ट्रेन दरभंगा के लिए प्रस्थान किया. वैसे घटना की सूचना मिलते ही समस्तीपुर रेल मंडल के अधिकारी और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम मौके पर पहुंची.
बड़ी साजिश: शुरुआती जांच में यह स्पष्ट रूप से ट्रेन पलटाने की साजिश नजर आ रही है, क्योंकि ट्रैक पर रखा गया पटरी का टुकड़ा काफी भारी था और साधारण तरीके से वहां उसका गिरना संभव नहीं है. रेल अधिकारियों ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है.
रेल सुरक्षा पर सवाल: इस घटना ने रेल सुरक्षा पर एक बार फिर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. हाल के महीनों में देश के विभिन्न हिस्सों में ट्रैक पर गैस सिलेंडर, पत्थर और लोहे के टुकड़े मिलने की घटनाएं बढ़ी हैं. रेलवे पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस घटना के पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ है या यह स्थानीय उपद्रवियों की हरकत है. फिलहाल, इस रूट पर ट्रेनों का परिचालन बहाल कर दिया गया है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं.
"जानकारी मिली थी कि समस्तीपुर से भी अधिकारी लोग आए थे. तमुरिया स्टेशन मास्टर अंबिका झा के आवेदन पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. जल्द ही इसमें शामिल सभी लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा."- किंग कुंदन, जीआरपीएफ प्रभारी, दरभंगा
ये भी पढ़ें
ट्रेन से यात्रा करने वाले लोगों के लिए जरूरी खबर, रेलवे ने यात्रियों के लिए उठाया ये कदम
महाबोधि एक्सप्रेस ट्रेन से कटकर दो यात्रियों की मौत, सीट लेने की होड़ में गई जान

