ETV Bharat / state

झारखंड टी20 लीग का ऑक्शन शुरू, 275 खिलाड़ियों पर लगेगी बोली

झारखंड के पहले टी20 क्रिकेट लीग के लिए खिलाड़ियों की नीलामी प्रक्रिया शुरू हो गयी है.

Player auction process started for Jharkhand first T20 cricket league
झारखंड टी20 लीग (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : May 30, 2026 at 6:00 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रांचीः झारखंड क्रिकेट के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक बन गया है. झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) की ओर से आयोजित पहली झारखंड टी20 लीग के लिए खिलाड़ियों की नीलामी (ऑक्शन) शुरू हो गई है.

इस ऑक्शन में राज्य के विभिन्न जिलों और क्रिकेट संरचनाओं से जुड़े 275 खिलाड़ियों पर छह फ्रेंचाइजी टीमें बोली लगा रही हैं. पहली बार झारखंड में फ्रेंचाइजी आधारित टी20 लीग के लिए खिलाड़ियों की नीलामी आयोजित की जा रही है, जिसे राज्य क्रिकेट के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है.

इस लीग में रांची टाइटंस, जमशेदपुर स्टीलर्स, छोटानागपुर रॉयल्स, कोयलांचल सुपर किंग्स, धनबाद डायमंड्स और संथाल स्ट्राइकर्स हिस्सा ले रही हैं. प्रत्येक फ्रेंचाइजी को खिलाड़ियों की खरीदारी के लिए 50 लाख रुपये का पर्स उपलब्ध कराया गया है. सभी टीमें अपने-अपने रणनीतिक संयोजन के अनुसार खिलाड़ियों को शामिल करने के लिए बोली लगा रही हैं.

ऑक्शन में झारखंड क्रिकेट के कई चर्चित नाम शामिल हैं. इनमें भारतीय टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन, रॉबिन मिंज, कुमार कुशाग्र, अनुकुल रॉय, सुषांत मिश्रा, उत्कर्ष सिंह और विराट सिंह जैसे खिलाड़ी प्रमुख आकर्षण का केंद्र हैं. इन खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल करने के लिए फ्रेंचाइजियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल सकती है.

नीलामी प्रक्रिया का संचालन प्रसिद्ध कमेंटेटर और पेशेवर ऑक्शनर चारू शर्मा कर रहे हैं. चारू शर्मा इससे पहले आईपीएल समेत कई बड़े क्रिकेट आयोजनों की नीलामी का संचालन कर चुके हैं. ऐसे में झारखंड टी20 लीग के पहले ऑक्शन को लेकर भी क्रिकेट प्रेमियों में खास उत्साह देखा जा रहा है.

JSCA के नियमों के अनुसार प्रत्येक फ्रेंचाइजी को कम से कम 16 और अधिकतम 18 खिलाड़ियों का स्क्वॉड तैयार करना होगा. नीलामी पूल में शामिल खिलाड़ियों को विभिन्न श्रेणियों में रखा गया है. सात खिलाड़ियों को आइकॉन कैटेगरी में शामिल किया गया है, जिनका बेस प्राइस 4 लाख रुपये निर्धारित है. वहीं कैटेगरी-ए के सीनियर राज्य स्तरीय खिलाड़ियों का बेस प्राइस 75 हजार रुपये रखा गया है. अन्य खिलाड़ियों को भी अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित किया गया है.

JSCA के उपाध्यक्ष संजय पांडे ने कहा कि झारखंड टी20 लीग राज्य के क्रिकेटरों के लिए एक बड़ा मंच साबित होगी. उन्होंने कहा कि इस लीग के माध्यम से युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने, प्रतिस्पर्धी माहौल में खेलने और पेशेवर क्रिकेट को करीब से समझने का अवसर मिलेगा. साथ ही यह प्रतियोगिता झारखंड क्रिकेट की नई प्रतिभाओं को सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.

झारखंड क्रिकेट जगत की नजरें फिलहाल इस ऑक्शन पर टिकी हैं, जहां कई खिलाड़ियों के करियर को नई दिशा मिल सकती है और फ्रेंचाइजि अपनी मजबूत टीमों के गठन में जुटी हुई हैं.

इसे भी पढ़ें- झारखंड टी20 क्रिकेट लीग 2026: ट्रॉफी लॉन्च में पहुंचे धाकड़ बल्लेबाज ईशान किशन

इसे भी पढ़ें- झारखंड टी20 क्रिकेट लीग: फ्रेंचाइजी बिड की अंतिम तिथि बढ़ी

इसे भी पढ़ें- झारखंड टी20 टूर्नामेंट पर कोविड-19 का साया, दुमका डेयरडेविल्स के दो खिलाड़ी कोरोना पॉजिटिव