ETV Bharat / state

पिरान कलियर उर्स मेले में हंगामा, पुलिस ने फटकारी लाठियां, जानिए वजह

पिरान कलियर उर्स मेले में झूला सर्कस ग्राउंड से बाइक उठाने पर हंगामा हुआ. जिसके बाद पुलिस ने लाठियां फटकारी

PIRAN KALIYAR URS MELA
पिरान कलियर उर्स मेला (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : August 28, 2026 at 6:59 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रुड़की: हरिद्वार जिले के पिरान कलियर में स्थित विश्व प्रसिद्ध दरगाह साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स/मेले के बीच झूला सर्कस ग्राउंड में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कुछ पुलिसकर्मी ग्राउंड में लगे गन्ने के जूस का ठेला हटाने के लिए पहुंचे. इस दौरान पुलिसकर्मियों और ठेला संचालक के बीच कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ने लगा. मौके पर मौजूद कुछ जायरीनों व लोगों ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया. काफी देर तक दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई. सूचना मिलते ही थाने से अतिरिक्त पुलिसबल मौके पर पहुंचा. भीड़ को हटाने के लिए लाठियां फटकारनी पड़ी. जिसके बाद मौके पर जमा भीड़ तितर-बितर हो गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पिरान कलियर में उर्स के बीच झूला सर्कस ग्राउंड में लगे गन्ने के जूस के ठेले को हटाने के लिए पहुंचे पुलिसकर्मियों और ठेला संचालक के बीच पहले कहासुनी हुई. इसी बीच एक पुलिसकर्मी ठेला संचालक की बाइक को लेकर जाने लगा. जिस पर ठेला संचालक और आसपास मौजूद कुछ लोगों ने इसका विरोध करते हुए पुलिसकर्मियों को घेर लिया. बढ़ते विवाद के बीच पुलिसकर्मियों ने खुद को घिरा हुआ देख मामले की सूचना थाने को दी.

पिरान कलियर उर्स मेला (ETV Bharat)

सूचना मिलते ही तत्काल थाने से अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और भीड़ को हटाने का प्रयास किया. बताया जा रहा है कि इस दौरान भीड़ और पुलिस के बीच जमकर बहस हो गई. हालात बिगड़ते देख पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए लाठियां फटकार दी. जिसके बाद मौके पर मौजूद लोग इधर-उधर हट गए. जिसके बाद पुलिसकर्मी एक युवक को हिरासत में लेकर थाने चले गए. संबंधित बाइक को भी अपने साथ थाने ले जाया गया.

जूस के ठेके के स्वामी शाहरुख ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उसने झूला सर्कस के ठेकेदार को भुगतान कर मेले के ग्राउंड में ठेला लगाने के लिए स्थान लिया था. उसका कहना है कि उसने इसके लिए ठेकेदार को 25 हजार रुपये का शुल्क भी अदा किया था. शाहरुख के मुताबिक, एक पुलिसकर्मी मौके पर आया और उसके साथ हाथापाई करने लगा. दूसरी चाबी लगाकर उसकी बाइक ले जाने का प्रयास किया गया. जब उसने बाइक ले जाने का विरोध किया तो विवाद बढ़ गया.

शाहरुख ने आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा भीड़ हटाने के दौरान हुई कार्रवाई में उसके हाथ में चोट लगी है. घटना के बाद झूला सर्कस ग्राउंड के बाहर कुछ समय तक स्थिति बिगड़ी रही, हालांकि अतिरिक्त पुलिस बल के पहुंचने के बाद हालात सामान्य हो गए.एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने कहा पिरान कलियर में साबिर पाक का सालाना उर्स चल रहा है. गुरुवार की रात जायरीनों की भारी भीड़ थी, इसी दौरान कुछ लोग भीड़ में जबरन जाने का प्रयास कर रहे थे. पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया और सख्ती से पेश आई है.

पढे़ं- रुड़की उर्स मेले में बड़ा हादसा, टूटकर भीड़ के बीच गिरी बिजली की तार, मची अफरा तफरी

पढे़ं- पिरान कलियर उर्स को लेकर एक्टिव पुलिस, चार जोन में बंटा क्षेत्र, वाहनों की नो एंट्री