धनबाद में पाइप्ड नेचुरल गैस सप्लाई की शुरुआत, IIT ISM बना जिला का पहला संस्थान
धनबाद के आईआईटी आईएसएम कैंपस में पाइप्ड नेचुरल गैस सप्लाई की शुरुआत हो गयी है. नरेंद्र निषाद की रिपोर्ट.

Published : August 29, 2026 at 5:01 PM IST
धनबादः जिला में पाइप्ड नेचुरल गैस (Piped Natural Gas) के इस्तेमाल की दिशा में बड़ी शुरुआत हुई है. आईआईटी आईएसएम जिला का पहला संस्थान बन गया है, जहां पाइपलाइन के जरिए प्राकृतिक गैस की आपूर्ति शुरू कर दी गई है.
शनिवार को संस्थान के 150 क्वार्टर क्षेत्र, जिसे गिरिडीह रोड साइड (GR) क्षेत्र के नाम से जाना जाता है, यहां पर पीएनजी सप्लाई का औपचारिक शुभारंभ किया गया. संस्थान के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा और दीप्ति लेडीज क्लब की अध्यक्ष शकुंतला मिश्रा ने संयुक्त रूप से पीएनजी आपूर्ति की शुरुआत की. इस कार्यक्रम के दौरान संस्थान के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, गेल गैस के अधिकारी और आवासीय परिसर के लोग मौजूद रहे.

इस मौके पर निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा ने कहा कि कम समय में पीएनजी कनेक्शन की सुविधा शुरू होना संस्थान के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ आईआईटी (आईएसएम) के लिए ही नहीं, बल्कि धनबाद में स्वच्छ ऊर्जा के इस्तेमाल की दिशा में भी अहम कदम है.
उन्होंने कहा कि पीएनजी कोयला और एलपीजी जैसे पारंपरिक ईंधनों के मुकाबले अधिक स्वच्छ विकल्प है. इससे प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी और कैंपस को अधिक सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाया जा सकेगा. संस्थान का लक्ष्य भी एक स्वच्छ, हरित और टिकाऊ परिसर विकसित करना है.

आईआईटी (आईएसएम) के रजिस्ट्रार ने कहा कि पीएनजी परियोजना संस्थान की महत्वपूर्ण योजनाओं में शामिल है. इसके शुरू होने से परिसर में रहने वाले लोगों को खाना पकाने के लिए लगातार और सुविधाजनक गैस उपलब्ध होगी. एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग, डिलीवरी और स्टोरेज की परेशानियों से भी काफी हद तक राहत मिलेगी.
चरणबद्ध तरीके से पूरे कैंपस में पहुंचेगी पाइप्ड नेचुरल गैस
संस्थान में पाइप्ड नेचुरल गैस कनेक्शन लगाने का काम चरणबद्ध तरीके से चल रहा है. पहले चरण में 150 क्वार्टर यानी गिरिडीह रोड साइड क्षेत्र को PNG नेटवर्क से जोड़ा गया है. इसके अलावा करीब 180 अन्य क्वार्टर्स और स्टाफ आवासों में कनेक्शन देने का काम जारी है.
संस्थान की योजना सितंबर तक पूरे आवासीय परिसर में पाइप्ड नेचुरल गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने की है. इसके बाद छात्रावासों और जरूरत के अनुसार संस्थान के अन्य भवनों को भी इस नेटवर्क से जोड़ा जाएगा. पूरे आईआईटी (आईएसएम) परिसर में 647 से अधिक पाइप्ड नेचुरल गैस कनेक्शन दिए जाने की योजना है.
धनबाद में PNG नेटवर्क विस्तार को मिलेगा बढ़ावा
गेल गैस लिमिटेड, धनबाद के डीजीएम-सीजीडी प्रोजेक्ट (ओआईसी) तपन पालई ने संस्थान में पाइप्ड नेचुरल गैस सेवा शुरू होने को धनबाद में गैस नेटवर्क के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया. उन्होंने कहा कि आईआईटी (आईएसएम) धनबाद जिला का पहला बड़ा संस्थान है, जहां पाइप्ड नेचुरल गैस की सुविधा शुरू की गई है.

उन्होंने बताया कि पाइप्ड नेचुरल गैस की सबसे बड़ी विशेषताओं में इसकी निरंतर आपूर्ति, इस्तेमाल में आसानी, सुरक्षा और अपेक्षाकृत कम लागत शामिल हैं. पाइपलाइन के जरिए गैस मिलने से उपभोक्ताओं को बार-बार सिलेंडर बदलने या बुकिंग कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी. साथ ही, स्वच्छ ईंधन के इस्तेमाल से पर्यावरण पर भी सकारात्मक असर पड़ेगा. इस कार्यक्रम में संस्थान के उप निदेशक प्रो. शरत कुमार, डीन (इन्फ्रास्ट्रक्चर) प्रो. कल्याण चटर्जी, शिक्षक, अधिकारी एवं कर्मचारी, गेल गैस लिमिटेड के प्रतिनिधि और 150 क्वार्टर क्षेत्र के निवासी मौजूद रहे.
आईआईटी (आईएसएम) में पाइप्ड नेचुरल गैस की शुरुआत को संस्थान के ऊर्जा और पर्यावरण प्रबंधन से जुड़े प्रयासों के महत्वपूर्ण हिस्से के तौर पर देखा जा रहा है. आवासीय क्वार्टर्स के बाद छात्रावासों और अन्य भवनों तक इसका विस्तार होने से आने वाले समय में कैंपस में स्वच्छ ईंधन का दायरा और बढ़ेगा.
इसे भी पढ़ें- 1 सितंबर से बदलने जा रहा है रसोई गैस का यह नियम, आम जनता से लेकर कंपनियों तक सबको होगा बड़ा फायदा
इसे भी पढ़ें- 'गैस सिलेंडर के बजाय पीएनजी रसोई गैस को बढ़ावा', मंत्रालय का बड़ा सुझाव

