ETV Bharat / state

OT अटेंडर बना डॉक्टर, महिला के ब्रेस्ट की सर्जरी कर खतरे में डाली जान, फैला इंफेक्शन

पिपरिया के सरकारी अस्पताल में लापरवाही उजागर, OT अटेंडर ने पीड़ित से वसूले 10,000 रुपए, स्वास्थ्य विभाग ने किया निलंबित.

OT attendant breast surgery woman
ओटी अटेंडर ने की महिला की ब्रेस्ट सर्जरी (Getty Image)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : April 26, 2026 at 5:02 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

पिपरिया: नर्मदापुरम जिले के पिपरिया के सरकारी अस्पताल से लापरवाही का मामला सामने आया है. ऑपरेशन थिएटर के ओटी अटेंडर ने डॉक्टर की जगह खुद महिला के ब्रेस्ट की सर्जरी कर दी. इसके बदले पीड़ित आदिवासी महिला से इलाज का ₹10000 खर्चा भी वसूल लिया. सरकारी अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में महिला की जान जोखिम में डालने वाली सर्जरी की अस्पताल प्रबंधन को भनक तक नहीं लगी. सर्जरी के बाद महिला को जब तकलीफ बढ़ी तब पूरा मामला सामने आया.

बताया जा रहा है कि, पहले भी ओटी अटेंडर द्वारा एक व्यक्ति के हाथ के सिस्ट का ऑपरेशन और एक छोटी सर्जरी की जा चुकी है. तब शिकायत के बाद ओटी अटेंडर पर बड़ी कार्रवाई नहीं की गई. अब स्वास्थ्य विभाग में पूरे मामले को लेकर हड़कंप मचा हुआ है. पूर्व में हुई गलतियों को छुपाने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने शनिवार को ओटी अटेंडर बरसाती लाल मांझी को प्रारंभिक तौर पर निलंबित करके जांच बैठा दी है.

स्वास्थ्य विभाग ने ओटी अटेंडर को किया निलंबित (ETV Bharat)

प्राइवेट अस्पताल से ओटी अटेंडर को मिला केस
पीड़ित महिला पिपरिया से 27 किमी दूर ग्राम सिंघानामा की निवासी है. मार्च में हुई पहली डिलीवरी के बाद उसे ब्रेस्ट में सिस्ट बन गया था. पीड़ित महिला ने बताया कि, ''इलाज के लिए वह अपने पति के साथ पिपरिया के अनीता साहू डॉक्टर के क्लीनिक में पहुंची थी. जानकारी में पता चला कि इलाज करने में बहुत पैसे लगेंगे.

मैडम के क्लीनिक के एक कर्मचारी ने इलाज कराने के लिए हमें सरकारी अस्पताल के बरसाती लाल मांझी का नंबर देकर उससे संपर्क करने के लिए कहा. हमने बरसाती लाल से संपर्क किया तो उन्होंने कुल ₹10000 का खर्चा बताया. यहां वहां से पैसे उधार लेकर बरसाती लाल को दिए तो उन्होंने हमारा ऑपरेशन कर दिया. रोज ड्रेसिंग कराने पर ₹1500 देने पड़ते थे. अब मुझे ज्यादा समस्या हो रही है. दूसरे डॉक्टर ने बताया कि तुम्हारा केस बिगाड़ दिया है. हमने बीएमओ मैडम को शिकायत कर पैसे वापस दिलाने की मांग की है.''

आशा सहयोगी ने देखी गड़बड़ी
पीड़ित महिला को जब तकलीफ हुई तो मामला सामने आया, लेकिन पूरे मामले की गड़बड़ी गांव की आशा सहयोगी प्रमिला ठाकुर द्वारा पकड़ी गई. आशा सहयोगी जब पीड़ित महिला के घर नियमित विजिट पर गई तो वहां महिला को तकलीफ में देखा. पूछने पर पूरे मामले का खुलासा हुआ. इसके बाद आशा सहयोगी ने अस्पताल में बीएमओ को पूरे मामले की जानकारी दी. पीड़ित महिला की विशेषज्ञ डॉक्टर सौम्य रघुवंशी से तुरंत जांच कराई गई. सर्जरी के बाद महिला को इंफेक्शन हुआ है. जिसका इलाज डॉक्टर द्वारा किया जा रहा है.

ओटी अटेंडर को किया निलंबित
पिपरिया सिविल अस्पताल की बीएमओ डॉक्टर रिचा कटकवार ने बताया कि, ''ओटी अटेंडर का काम होता है कि, ऑपरेशन थिएटर में साफ सफाई व ऑपरेशन की व्यवस्था करें, लेकिन ओटी अटेंडर बरसाती लाल मांझी ने करीब 15 दिन पहले एक महिला के ब्रेस्ट में हुई गठन की सर्जरी करके उसकी जान खतरे में डाल दी. जबकि यह काम विशेषज्ञ सर्जन द्वारा बहुत सी जांच के बाद ही किया जाता है. इस मामले में दो दिन पहले आशा सहयोगी ने पीड़ित महिला को यहां लाकर शिकायत करवाई थी. इसके बाद हमें पता चला कि अस्पताल की ओटी में ऑपरेशन हुआ है.''

बरसाती लाल इससे पूर्व एक व्यक्ति के सिस्ट का ऑपरेशन कर चुके हैं. शिकायत के बाद मामूली कार्रवाई हुई और वह जुगाड़ जुगाड़ करके वापस काम में लौट आए. इस मामले की शिकायत हमने मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी को की थी. जिस पर बरसाती लाल को निलंबित कर दिया गया है. इस गंभीर लापरवाही की थाने में भी शिकायत कर रहे हैं.