ETV Bharat / state

यूपी में सड़क हादसे; पीलीभीत में नवविवाहित युवक की मौत, अलीगढ़ में दो मजदूरों को बेकाबू कार ने रौंदा

पीलीभीत के बरखेड़ा थाना क्षेत्र के युवक की 15 दिन पहले हुई थी शादी. फर्रुखाबाद में ट्रक की चपेट में आकर महिला की मौत.

हादसे में नवविवाहित युवक की मौत.
हादसे में नवविवाहित युवक की मौत. (Photo Credit : ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : March 2, 2026 at 8:37 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

पीलीभीत/अलीगढ़ : बरखेड़ा थाना क्षेत्र में रविवार शाम हुए सड़क हादसे में नवविवाहिता के हाथों की मेंहदी छूटने से पहले उसके जीवनसाथी का "संग" छूट गया. हादसे में नवविवाहित युवक की दर्दनाक मौत हो गई. युवक की मौत के बाद घर में मातमी सन्नाटा है. लोग कुदरत की इस क्रूर लीला को कोस रहे हैं. दुर्घटना में दो लोग घायल भी हैं. वहीं अलीगढ़ में तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से दो मजदूरों की मौत हो गई. फर्रुखाबाद में ट्रक से कुचलकर महिला की मौत हो गई.

पीलीभीत; नवविवाहित युवक की मौत के बाद बिलखते परिजन.
पीलीभीत; नवविवाहित युवक की मौत के बाद बिलखते परिजन. (Photo Credit : ETV Bharat)

बरखेड़ा थानाध्यक्ष प्रमेंद्र कुमार के अनुसार क्षेत्र के ग्राम सिसैया निवासी राजकुमार पुत्र पूरन लाल पेशे से टाइल मिस्त्री था. रविवार को वह अपने साथी प्रमोद के साथ बीसलपुर में काम निपटाकर मोटरसाइकिल से घर वापस लौट रहा था. शाम करीब 7 बजे दोनों अनुराग मैरिज हॉल के पास पहुंचे थे. इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी. टक्कर के बाद राजकुमार सड़क पर दूर जा गिरा और सिर में गंभीर चोट लगने के कारण मौके पर ही दम तोड़ दिया. प्रमोद गंभीर रूप से लहूलुहान हो गया था. दुर्घटना में कार सवार प्रियांशु नाम का युवक भी घायल हुआ. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

अलीगढ़ सड़क हादसे में दो मजदूरों की मौत.
अलीगढ़ सड़क हादसे में दो मजदूरों की मौत. (Photo Credit : ETV Bharat)



बताया जा रहा कि राजकुमार की शादी महज 15 दिन पहले ही हुई थी. पत्नी सपना के हाथों की मेहंदी का रंग भी नहीं उतरा था कि उसकी मांग सूनी हो गई. राजकुमार अपने परिवार का इकलौता पालनहार था. राजकुमार की मौत से घर में कोहराम मचा है. अस्पताल पहुंची सपना और मां कैकई देवी का रो-रोकर बुरा हाल था. उनके करुण क्रंदन से अस्पताल परिसर में मौजूद हर शख्स की आंखें नम थीं.


अलीगढ़ में तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से दो मजदूरों की मौत


पिसावा थाना क्षेत्र में रविवार शाम शाहपुर मोड़ के पास हुए सड़क हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई. दोनों बाइक से घर लौट रहे थे. हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. पिसावा थाने के दारोगा प्रवेंद्र कुमार ने बताया कि राहगीरों की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया था. प्राथमिक उपचार के बाद जिला मलखान सिंह अस्पताल रेफर कर दिया गया. जहां दोनों की मौत हो गई.


जिला मलखान सिंह अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात डॉ. सचिन वर्मा ने बताया कि दोनों घायलों को बेहद गंभीर अवस्था में लाया गया था. इलाज शुरू करने से पहले ही दोनों ने दम तोड़ दिया था. मृतकों की पहचान जगबीर सिंह (35) निवासी बजेड़ा, थाना पिसावा और जगवीर (40) निवासी बैलोन थाना पिसावा के रूप में हुई है.

फर्रुखाबाद में ट्रक से कुचलकर महिला की मौत

कायमगंज रेलवे स्टेशन के पास सोमवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई. महिला रूही (25) पत्नी साहिल कासगंज जनपद के थाना सुन्न गड़ी की रहने वाली थी. रूही अपने पिता बबलू कुरैशी के साथ बाइक से दवा लेने कायमगंज आ रही थी. कायमगंज रेलवे स्टेशन के पास पीछे से आए ट्रक चालक ने ओवरटेक करते समय बाइक में टक्कर मार दी. टक्कर के बाद बाइक पर बैठी रूही गिर कर ट्रक के पहिये के नीचे आ गई. इससे उसका सिर व आधा धड़ कुचल गया. कुछ देर बाद पहुंची पुलिस ने रूही को अस्पताल पहुंचाया. जहां डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. परिजनों का कहना है कि पुलिस काफी देर से आई. पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है.

यह भी पढ़ें : शादी से लौट रहे युवक की कार हादसे में मौत, तीन घायल, पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी

यह भी पढ़ें : अलीगढ़ में घर के अंदर जिंदा जले प्रेमी-प्रेमिका; युवक की मौत, महिला दिल्ली रेफर