ETV Bharat / state

अल्मोड़ा सल्ट में गहरी खाई में गिरा पिकअप, 5 गंभीर घायल, बस को पास देते समय हुआ हादसा

अल्मोड़ा जिले के सल्ट क्षेत्र में फिर सड़क हादसा सामने आया है, यहां एक पिकअप वाहन गहरी खाई में गिर गया.

Salt pickup accident
गहरी खाई में गिरा पिकअप वाहन (Photo-ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : February 20, 2026 at 12:49 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रामनगर: अल्मोड़ा जिले के सल्ट क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. डोटियाल से सराईखेत की ओर जा रहा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा. वाहन में कुल सात लोग सवार बताए जा रहे हैं. हादसे के दौरान दो लोग वाहन से छिटककर बाहर गिर गए, जिन्हें हल्की चोटें आई हैं, जबकि पिकअप के अंदर फंसे पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

डोटियाल से करीब एक किलोमीटर आगे सड़क की हालत बेहद खराब है. इसी दौरान सामने से आ रही एक बस को पास देने के प्रयास में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और पिकअप लगभग 50 मीटर गहरी खाई में गिर गई. दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को खाई से बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के लिए देवायल सल्ट भेजा.

Salt pickup accident
घायलों का हॉस्पिटल में चल रहा उपचार (Photo-ETV Bharat)

गंभीर रूप से पांच घायल लोगों में वाहन चालक साकम सिंह (35 वर्ष) निवासी सराईखेत, राजेंद्र सिंह (36 वर्ष) निवासी केलाखेड़ा उधमसिंहनगर, सुभाष (19 वर्ष) निवासी नेपाल, चंद्रसेन सैनी (41 वर्ष) निवासी जिला बिजनौर और विजेंद्र सिंह (36 वर्ष) निवासी जिला बिजनौर शामिल हैं. सभी घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर करते हुए रामनगर के संयुक्त चिकित्सालय भेजा गया है.

बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां सड़क लंबे समय से क्षतिग्रस्त है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है. इस घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश है और उन्होंने सड़क की हालत सुधारने की मांग तेज कर दी है. फिलहाल पुलिस प्रशासन मामले की जांच में जुटा है और घायलों का रेफर कर उपचार के लिए भेजा गया है. यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में खराब सड़कों और संकरे मार्गों की गंभीर समस्या को उजागर करता है.

Salt pickup accident
घायलों को 108 से पहुंचाया गया हॉस्पिटल (Photo-ETV Bharat)

बता दें कि 4 नवंबर 2024 को एक बड़ा सड़क हादसा सल्ट तहसील के मरचूला स्थित कूपी गांव के पास हुआ था, जहां एक यात्री बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई थी. इस भीषण दुर्घटना में 36 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई थी और यह हादसा लंबे समय तक लोगों के जेहन में बना रहा. इसके बाद 30 दिसंबर 2025 को भी सल्ट-भिकियासैंण क्षेत्र में एक और दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई थी. जिसमें भिकियासैंण-विनायक रोड पर द्वाराहाट से रामनगर की ओर जा रही एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी थी. इस हादसे में 7 यात्रियों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य यात्री घायल हुए थे.

लगातार हो रहे इन सड़क हादसों ने सल्ट और आसपास के पहाड़ी मार्गों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. स्थानीय लोगों के अनुसार संकरी सड़क, तीव्र मोड़, गहरी खाई और कई स्थानों पर सुरक्षा इंतजामों की कमी इन दुर्घटनाओं की बड़ी वजह बनती जा रही है.

पढ़ें: