ETV Bharat / state

घना में जल्द शुरू होगी 'पिक एंड ड्रॉप' ई-रिक्शा सेवा, पर्यटकों का सफर होगा आसान

प्रति पर्यटक एक तरफ का शुल्क 50 रुपए निर्धारित किया गया है.

केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान
केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान (ETV Bharat Bharatpur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : August 29, 2026 at 5:11 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

भरतपुर : केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान में आने वाले पर्यटकों के लिए नए पर्यटन सीजन में एक नई सुविधा शुरू होने जा रही है. अब जो पर्यटक साइकिल या ई-रिक्शा की सुविधा नहीं लेते और पैदल ही घना घूमने पहुंचते हैं, उन्हें मुख्य द्वार से बैरियर तक आने-जाने के लिए ईको-फ्रेंडली वाहन की सुविधा मिल सकेगी. इसके लिए वन विभाग ने 'पिक एंड ड्रॉप' सेवा की रूपरेखा तैयार कर ली है. प्रस्ताव को उच्च अधिकारियों की मंजूरी के लिए भेजा गया है और स्वीकृति मिलते ही नए पर्यटन सीजन में इसे लागू किया जाएगा.

केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान के निदेशक चेतन कुमार बी वी ने बताया कि इस सुविधा का उद्देश्य घना आने वाले हर वर्ग के पर्यटक को सुविधाजनक और सुकून भरा अनुभव उपलब्ध कराना है. खासकर पीक सीजन में जब पर्यटकों की संख्या बढ़ जाती है, बड़ी संख्या में लोग साइकिल या ई-रिक्शा नहीं लेते और पैदल ही उद्यान के अंदर तक जाते हैं. ऐसे में मुख्य गेट से बैरियर तक का रास्ता तय करने में उन्हें समय और श्रम दोनों अधिक लगता है. नई व्यवस्था के तहत मुख्य द्वार से बैरियर तक पर्यटकों को ईको-फ्रेंडली वाहन से छोड़ा जाएगा और वापसी में बैरियर से मुख्य द्वार तक लाने की सुविधा भी उपलब्ध होगी. प्रति पर्यटक एक तरफ का शुल्क 50 रुपए निर्धारित किया गया है. पर्यटक अपनी जरूरत के अनुसार जाने या आने में इस सुविधा का इस्तेमाल कर सकेंगे.

पढे़ं. Keoladeo National Park : आवाज ही पहचान है...घना में गूंजा दुर्लभ ब्रिस्टल्ड ग्रासबर्ड का संगीत

मंजूरी मिलते ही नए सीजन में शुरुआत : निदेशक ने बताया कि सेवा को नियंत्रित दरों और निर्धारित मार्ग पर ही संचालित किया जाएगा. इसका उद्देश्य पर्यटकों को सुविधा देने के साथ-साथ घना की प्राकृतिक एवं पारिस्थितिक व्यवस्था को सुरक्षित रखना है. वाहनों की आवाजाही भी तय व्यवस्था के अनुरूप रहेगी, ताकि वन्यजीवों और उद्यान के पर्यावरण पर किसी तरह का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े. 'पिक एंड ड्रॉप' सेवा से संबंधित प्रस्ताव उच्च अधिकारियों को भेजा जा चुका है. स्वीकृति मिलने के बाद नए पर्यटन सीजन में इसे पर्यटकों के लिए शुरू कर दिया जाएगा. विभाग की कोशिश है कि सुविधा को इस तरह संचालित किया जाए कि पर्यटकों को परेशानी न हो और घना की पर्यावरणीय संवेदनशीलता भी बनी रहे.

केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान में पर्यटन सीजन के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं. पीक सीजन में जब साइकिल और ई-रिक्शा की मांग बढ़ जाती है, तब कई पर्यटकों को पैदल ही मुख्य गेट से बैरियर तक जाना पड़ता है. उम्रदराज पर्यटकों, बच्चों के साथ आने वाले परिवारों और लंबे समय तक पैदल चलने में असुविधा महसूस करने वाले लोगों के लिए यह दूरी परेशानी का कारण बन सकती है. ऐसे पर्यटकों के लिए प्रस्तावित 'पिक एंड ड्रॉप' सेवा राहत देने वाली साबित हो सकती है. पर्यटक मुख्य गेट से बैरियर तक वाहन की सुविधा लेकर पहुंच सकेंगे और इसके बाद अपनी योजना के अनुसार घना का भ्रमण कर सकेंगे. वापसी में भी बैरियर से मुख्य गेट तक वाहन उपलब्ध होने से उन्हें लंबी दूरी पैदल तय नहीं करनी पड़ेगी.