बाड़मेर में पानी की चोरी, PHED विभाग ने दो लोगों के खिलाफ दर्ज कराया मामला
विभाग की ओर से पानी चोरों को खिलाफ अभियान को लगातार जारी रखा जाएगा. अभियान के तहत जल माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Published : January 11, 2026 at 9:51 AM IST
बाड़मेर : सरकार की ओर से लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए इंदिरा गांधी नहर परियोजना के तहत बाड़मेर लिफ्ट केनाल के जरिए लोगों को साफ पानी दिया जाता है. इसमे भी कुछ लोग पानी चोरी कर रहे हैं, जिनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने शिव थाने में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है.
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की परियोजना खंड मोहनगढ़ के अधिशाषी अभियंता नेमाराम बामनिया ने बताया कि उन्होंने शनिवार को व्यक्तिगत रूप से लिखित शिकायत दी. शिकायत के मुताबिक गोमा राम पुत्र जोगाराम निम्बासर, हनुमाना राम पुत्र रेखा राम निम्बासर के खिलाफ मामला दर्ज करवाया गया है. दोनों ने कुम्हारों की ढाणी से बाड़मेर जाने वाली बाड़मेर लिफ्ट केनाल की मुख्य पाइपलाइन में अवैध कनेक्शन किए थे, जिस पर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. इन दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बी एन एस) 3 पीडीपी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. यह पानी चोर पिछले लंबे से अवैध कनेक्शन कर पानी चोरी कर रहे थे. इसके कारण जलापूर्ति में कठिनाई हो रही है.
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के आईईसी कॉर्डिनेटर अशोक सिंह ने बताया कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध जल कनेक्शन और पानी चोरों के खिलाफ लोगों से शिकायत करने की अपील की जाती है. विभाग की ओर से पानी चोरों को खिलाफ इस तरह के अभियान को लगातार जारी रखा जाएगा. अभियान के तहत जल माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. सिंह ने बताया कि मुख्य पाइप लाइनों के साथ साथ अब ग्रामीण क्षेत्रों की पाइपलाइन के अवैध कनेक्शन को काट कर मामले दर्ज करवाए जाएंगे.

