ETV Bharat / state

रेवाड़ी में PHD और NET के छात्रों ने कैब ड्राइवर को मारी गोली, जैमर-GPS डिटेक्टर मिलने से पुलिस के उड़े होश

रेवाड़ी में कैब ड्राइवर के साथ लूटपाट कर गोली मारने वाले बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.

Police arrested the miscreants who robbed a cab driver on Delhi Jaipur Highway NH 48 in Rewari
रेवाड़ी में कैब ड्राइवर को लूटने वाले बदमाश गिरफ्तार (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : December 16, 2025 at 10:09 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

रेवाड़ी : हरियाणा के रेवाड़ी के दिल्ली जयपुर हाईवे एनएच 48 पर एक कैब चालक के साथ लूटपाट कर गोली मारकर और सड़क किनारे फेंक कर फरार हो जाने वाले बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार करने के बाद बदमाशों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है. आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है.

टैक्सी ड्राइवर को गोली मारकर लूटा : अलीगढ़ के गांव मोहसनपुर निवासी संजय कुमार ने बताया की उसने ओला की फ्रेंचाइचीजी ली हुई है. वो गुरुग्राम और दिल्ली में टैक्सी चलाता है. रात करीब 1 बजे उसकी कैब फोन से बुक की गई थी. वो दो युवकों को पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन से बैठाकर जयपुर के लिए चला था. जब टैक्सी बनीपुर चौक के पास पहुंची तो पीछे बैठे युवकों ने पेशाब करने के बहाने गाड़ी रुकवा ली. इसके बाद दोनों युवकों में से एक ने उसकी कनपटी पर पिस्तौल लगा दी. उसने विरोध किया तो उसके दाहिने पैर में गोली मार दी. इसके बाद उसे सीट से हटाकर दूसरा युवक गाड़ी चलाने लगा. गोली उसकी जांघ में लगी, जिससे वह लहूलुहान हो गया. इसके बाद दोनों युवक काफी देर तक गाड़ी इधर-उधर घुमाते रहे. फिर उससे 18 हजार रुपये और मोबाइल फोन छीन लिया. बाद में आरोपी उसे सरकुलर रोड पर एक अस्पताल के नजदीक गाड़ी से नीचे उतारकर और उसके मोबाइल फोन को फेंककर वहां से फरार हो गए. पुलिस ने टैक्सी चालक संजय कुमार के बयान पर थाना कसोला में लूट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया था.

PHD और नेट की तैयारी कर रहे छात्र बने लुटेरे (Etv Bharat)

जैमर, जीपीएस डिटेक्टर मिलने से पुलिस के उड़े होश : सोमवार की रात अलीगढ़ के टैक्सी चालक संजय को गोली मारकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार करने में जरा भी देर नहीं लगाई, लेकिन उनके कब्जे से हथियारों के साथ मिले वेव ब्लॉकर यानि जैमर और जीपीएस डिटेक्टर ने पुलिस की टेंशन बढ़ा दी है. इस तरह के उपकरण मिलने से पुलिस के भी होश उड़े हुए हैं. इसलिए सीआईए इन उपकरणों के इस्तेमाल की गुत्थी को सुलझाने में जुटी हुई है. हथियारों और उपकरणों के बैग को अज्ञात स्थान पर डालना भी मामले को गंभीर बना रहा है. सवाल ये भी उठ रहा है कि बदमाश राजधानी में हथियारों के साथ मौजूद थे, लेकिन दिल्ली पुलिस और खुफिया एजेंसियों को इसकी भनक तक नहीं लगी.

पीएचडी, नेट की तैयारी कर रहे थे आरोपी : अजमेर निवासी देवांशु जयपुर से पीएचडी कर रहा है. उसके पिता सूरजभान राजस्थान पुलिस में सेवा दे रहे हैं. दूसरा आरोपी आजमगढ़ निवासी शुभम भी एमए पास करने के बाद यूजीसी नेट की तैयारी कर रहा है. दोनों उच्च शिक्षित होते हुए अपराध की दुनिया में कैसे पहुंच गए, ये बड़ा सवाल भी पुलिस के लिए गुत्थी बन गया है. दोनों का हथियारों के साथ देश की राजधानी में पहुंचना और पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन से जयपुर की ओर लौटना सुरक्षा व्यवस्था की खामियों को भी उजागर कर रहा है. अनुमान ये भी लगाया जा रहा है कि आरोपी कहीं दिल्ली ये हथियार और सामान तो लेने के लिए नहीं गए थे. सीआईए का भी मानना है कि पिस्टल और बड़ी संख्या में कारतूस मिलना बड़ी बात नहीं है, लेकिन वेव ब्लॉकर यानि जैमर और जीपीएस डिटेक्टर का मिलना सामान्य घटना नहीं है. लूट की वारदात से पर्दा हटाने के बाद पुलिस इन उपकरणों के इस्तेमाल के मकसद को लेकर गहनता से पूछताछ कर रही है.

जैमर और जीपीएस डिटेक्टर : वेव ब्लॉकर अलग-अलग तरह की तरंगों को ब्लॉक या मॉडिफाई करते हैं. मोबाइल रेडिएशन को कम करने के साथ-साथ ये कॉल और इंटरनेट सेवा को बंद कर सकते हैं. इनसे पावर लाइन्स में संचार सिग्नल रोके जा सकते हैं. जीपीएस डिटेक्टर किसी व्यक्ति, वस्तु या वाहन की सटीक लोकेशन पता करने में सहायक होते हैं.

डीएसपी ने क्या कहा ? : डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान बताया कि सुबह करीब 6 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की सूचना मिली थी. कैब ड्राइवर ओला कंपनी के लिए गाड़ी चलाता है. आरोपियों ने बनीपुर चौक के पास कैब ड्राइवर से गाड़ी छीनने की कोशिश की. उसके विरोध करने पर उन्होंने उसके पैर में गोली मार दी. इस मामले में 2 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है. आरोपियों की पहचान राजस्थान के अजमेर के देवांशु और उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ के शुभम के रूप में हुई है. देवांशु अभी पीएचडी कर रहा है, वहीं उसका साथी शुभम यूजीसी नेट की तैयारी कर रहा है. उनके पास से गाड़ी के अलावा दो पिस्टल, 89 रौंद, 3 मैगजीन, 4 मोबाइल फोन, सिमकार्ड, 1 वेव ब्लॉकर (जैमर) और जीपीएस डिटेक्टर बरामद किया गया है. आरोपियों से गहनता से पूछताछ जारी है. आरोपियों को कल अदालत में पेश किया जाएगा."

हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App

ये भी पढ़ें - हांसी बना हरियाणा का 23वां जिला, सीएम नायब सिंह सैनी ने की घोषणा

ये भी पढ़ें -हरियाणा में 2026 की सरकारी छुट्टियों का कैलेंडर रिलीज़, इतने दिन रहेंगे हॉलिडे, देखिए पूरी लिस्ट

ये भी पढ़ें - शीतकालीन सत्र के लिए कांग्रेस की रणनीति तैयार, हरियाणा सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाएगी पार्टी