'ऐसा ही रहा तो खेती-किसानी छोड़ देंगे', पेट्रोल-डीजल महंगा हुआ तो छलका दर्द
शनिवार को पेट्रोल डीजल की कीमतों फिर से बढ़ोतरी की गई है. पेट्रोल प्रति लीटर 111 रुपये के पार पहुंच चुका है. पढ़ें खबर

Published : May 23, 2026 at 8:11 PM IST
गया : देश में एक बार फिर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है. गया में पेट्रोल 95 पैसे, जबकि डीजल 97 पैसे महंगा हुआ है. पेट्रोल 111 रुपए 64 पैसे प्रति लीटर बिक रहा है, जबकि डीजल की कीमत 97 रुपए 55 पैसे पहुंच चुकी है. पेट्रोल पंपों पर नई दर का बोर्ड भी लगा दिया गया है.
महंगाई से अन्य कीमत भी बढ़ेगी : मिर्जा गालिब कॉलेज मोड़ पर स्थित पेट्रोल पंप पर तेल ले रहे मो. फिरोज ने कहा कि लगातार तेल की कीमतें बढ़ रही हैं. अगर यही स्थिति रही तो अन्य सामानों की भी कीमतें बढ़ जाएंगी, जिससे आम लोगों के जीवन पर प्रभाव पड़ेगा. ईंधन की कीमत बढ़ने की वजह से ट्रक और मालवाहक अन्य वाहनों का किराया बढ़ जाएगा. जिससे दूसरे राज्यों से आने वाले सामान चाहे सब्जियां हों, फल हों या राशन हों वह सभी महंगे हो जाएंगे.
''अभी सबसे बड़ी समस्या किसानों को भी होने वाली है. ट्रैक्टर और पंपिंग सेट चलाने के लिए किसानों को ज्यादा खर्च करना होगा. जिससे अनाज की लागत बढ़ेगी, ऐसी स्थिति रही तो किसान खेती करना छोड़ देंगे.''- मो. फिरोज आलम, गया निवासी
अब तक 5 रुपए महंगा हो चुका पेट्रोल : इंधनों की कीमतों में 9 दिन में यह तीसरी बढ़ोतरी है. गयाजी शहर में स्थित पेट्रोल पंप के मैनेजर मनोज कुमार ने बताया कि चार दिन पहले 19 मई को पेट्रोल और डीजल के दामों में एवरेज 90 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी. जबकि 15 माई को भी कीमतों में लगभग तीन रुपए प्रति लीटर का इजाफा किया गया था.
''गयाजी में अगर देखा जाए तो पिछले 9 दिनों में 5 रुपए से अधिक मांगा पेट्रोल हो गया है, 15 मई से पहले गयाजी में पेट्रोल 106 रुपए प्रति लीटर बिक रहा था जबकि अभी 111.64 रुपये बिक रहा है.''- मनोज कुमार, पेट्रोल पंप के मैनेजर

'पेट्रोल-डीजल की खपत कम हुई है' : मनोज कुमार कहते हैं कि एक तरफ कीमत बढ़ रही है तो दूसरी तरफ खपत भी कम हुई है. हमारे पेट्रोल पंप से प्रति दिन 9000 से 10000 लीटर पेट्रोल और 7000 लीटर डीजल बिकता था. अभी पेट्रोल में 10 मई के बाद से लगातार बिक्री में कमी आ रही है. पेट्रोल में 3500 लीटर की कमी आई है जबकि डीजल में 2000 लीटर की कमी आई है. कहा जा रहा है कि अभी और तेल की कीमतें बढ़ेंगी.
पैसे-पैसे बढ़ाकर 200 रुपए तक पहुंच जाएगा : गवाल बीघा मोड़ पर स्थित पेट्रोल पंप पर तेल खरीद रहे राजेश कुमार ने कहा कि मुझे तो लगता है पैसे-पैसे बढ़ाकर तेल की कीमतें 200 पर कर दी जाएंगी. सरकार को रेट कंट्रोल करने के लिए वैकल्पिक मार्गों को अपनाना चाहिए. तेल की कीमत बढ़ने से सिर्फ गाड़ी वाहकों को परेशानी नहीं बढ़ेगी बल्कि हर चीज पर प्रभाव पड़ेगा. सार्वजनिक परिवहन और स्कूल बसों के किराए में भी इजाफा होगा.

''आखिर चुनाव के समय में पेट्रोल और डीजल की कीमतें क्यों नहीं बढ़ती हैं? 2024 से ही अगर देखा जाए तो लगातार चुनाव को लेकर यहां कीमतें स्थिर बनी हुई थी. लोकसभा चुनाव 2024 से ठीक पहले सरकार ने कीमतों में 2 रुपए प्रति लीटर की कटौती कर जनता को राहत दी थी. मगर चुनाव सब जगह खत्म हो गया है तो कीमतें लगातार बढ़ रही हैं.''- राजेश कुमार, पेट्रोल पंप पहुंचे ग्राहक
'सरकार को ध्यान देने की जरूरत' : राजेश कुमार आगे कहते हैं कि आखिर लोग क्या करे? जब लंबी दूरी का सफर तय करना है तो साइकिल से इसे पूरा नहीं किया जा सकता है. वैसे भी हमलोगों को पेट्रोल-डीजल लेने के लिए 2 से 3 किलोमीटर भटकना पड़ता है. निश्चित रूप से सरकार को इस ओर ध्यान देने की आवश्यक्ता है.
दरअसल, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों और डॉलर के मुकाबले रुपए की स्थिति के आधार पर देश में ईंधन के दाम तय किए जाते हैं. सरकारी तेल कंपनियां डेली प्राइस रिवीजन यानी डायनेमिक प्राइसिंग सिस्टम के तहत हर दिन सुबह 6:00 बजे नए रेट अपडेट करती हैं. उपभोक्ता तक पहुंचने से पहले तेल की कीमतों में कई तरह के टैक्स और खर्च जुड़ते हैं जिससे तेल की कीमतें बढ़ती हैं.
ये भी पढ़ें:-
10 दिन में तीसरी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम…महंगाई से आम आदमी परेशान
10 दिन में तीसरी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, अब तक 5 रुपये महंगे हुए, जानें नई कीमतें

