ETV Bharat / state

खनन माफिया पर 'जीरो टॉलरेंस' : अडावली में RAC की कैंपिंग, रास्ते काटे जाएंगे

डीग में निरीक्षण के दौरान अडावली वन क्षेत्र में अवैध खनन के लिए बनाए गए कच्चे रास्तों को देखकर जिला कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाया.

डीग में निरीक्षण करते जिला कलेक्टर
डीग में निरीक्षण करते जिला कलेक्टर (Source : PRO Deeg)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : December 30, 2025 at 5:24 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

डीग : जिले में अवैध खनन पर 'जीरो टॉलरेंस' की नीति लागू करते हुए जिला प्रशासन ने अडावली में आरएसी (राजस्थान सशस्त्र बल) की स्थाई कैंपिंग और खनन परिवहन में इस्तेमाल हो रहे सभी अवैध रास्तों को काटने का फैसला लिया है. जिला कलेक्टर उत्सव कौशल और पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश मीना की संयुक्त कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि जंगलों में चल रहा अवैध धंधा अब किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं होगा.

आरएसी तैनात, अवैध रास्तों पर गहरी खाइयां : मंगलवार को निरीक्षण के दौरान अडावली वन क्षेत्र में अवैध खनन के लिए बनाए गए कच्चे रास्तों को देखकर जिला कलेक्टर उत्सव कौशल ने सख्त रुख अपनाया. उन्होंने निर्देश दिए कि इन रास्तों को जेसीबी से काटकर गहरी खाइयां खुदवाई जाएं, ताकि भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह रोका जा सके. साथ ही क्षेत्र में 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित करने के लिए आरएसी की टीम को अडावली में ही कैंपिंग करने के आदेश दिए गए.

पढे़ं. अवैध खनन को लेकर सरकार सख्त, बजरी माफिया से मिले हुए कर्मचारियों पर की कार्रवाई : जब्बर सिंह सांखला

अतिक्रमण का होगा संयुक्त सर्वे : निरीक्षण के दौरान वन भूमि पर संभावित अतिक्रमण को लेकर भी प्रशासन सतर्क नजर आया. जिला कलेक्टर उत्सव कौशल ने राजस्व और वन विभाग को संयुक्त सर्वे करने के निर्देश देते हुए कहा कि सीमांकन कर अतिक्रमण की स्थिति स्पष्ट की जाए और जहां भी अवैध कब्जा मिले, उसे तत्काल प्रभाव से हटाया जाए. कलेक्टर ने दो टूक कहा कि विभागीय समन्वय की कमी के कारण यदि वन भूमि का नुकसान हुआ तो जिम्मेदारी तय की जाएगी.

माफिया पर होगी कठोर कार्रवाई : जिला पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश मीना ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए कहा कि खनन प्रभावित इलाकों में नियमित गश्त और लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध खनन या परिवहन में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी.