कालीमाई के जयकारों से गुंजायमान हुई भगवान रुद्रनाथ की नगरी, देवरा यात्रा का हुआ भव्य स्वागत
रुद्रप्रयाग में कालीमाई की देवरा यात्रा का विभिन्न स्थानों पर भक्तों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : January 9, 2026 at 7:13 AM IST
रुद्रप्रयाग: सिद्धपीठ कालीमठ की कालीमाई की देवरा यात्रा गुरुवार को रुद्रप्रयाग पहुंची. कालीमाई की डोली के नगर में प्रवेश करते ही भक्तों ने विभिन्न स्थानों पर डोली का पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया. बदरी-केदार मंदिर समिति उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण भी स्वागत कार्यक्रम में शामिल हुए. इस दौरान जय मां कालीमाई के जयकारों से नगर गुंजायमान हो गया.
गुरुवार को पूजा अर्चना के बाद कालीमाई की देवरा यात्रा ने अगस्त्यमुनि से रुद्रप्रयाग के लिए प्रस्थान किया. सिल्ली, रामपुर, तिलवाड़ा आदि स्थानों में स्वागत के बाद डोली अपराह्न बाद रुद्रप्रयाग पहुंची. यहां अलकनंदा और मंदाकिनी के संगम तट पर स्थित मां चामुंडा देवी और भगवान रुद्रनाथ मंदिर की परिक्रमा के बाद डोली नगर में पहुंची. यहां नगर पालिका पार्किंग के पास बदरी-केदार मंदिर समिति के उपाध्यक्ष विजय कप्रवान ने समिति की ओर से डोली का भव्य स्वागत किया. स्थानीय लोगों की मौजूदगी में डोली का फूल मालाओं से स्वागत हुआ.
उन्होंने कहा कि देवरा यात्रा उत्तराखंड की वर्षों पुरानी धार्मिक परम्परा है. इसके वृहद आयोजन और अनेक जगहों पर देवी के स्वागत को लेकर बेहतर व्यवस्थाएं की जानी चाहिए. देवी का आशीर्वाद सभी भक्तों पर बना रहे. इसके बाद देवी की डोली नगर के बाजार पहुंची, जहां डोली ने भक्तों को आशीर्वाद दिया. इसके बाद रात्रि विश्राम के लिए डोली महादेव मोहल्ला पहुंची, जहां बड़ी संख्या में भक्तों ने मां के दर्शन कर आशीर्वाद लिया. इस मौके पर रातभर भजन कीर्तन हुए. देवी 13 जनवरी को देवप्रयाग पहुंचेगी, जहां 14 को देवी मकर संक्रांति का पवित्र स्नान करेगी.

कालीमाई पंचगाई समिति के अध्यक्ष लखपत राणा ने बताया कि कालीमठ स्थित कालीमाई 15 वर्षों बाद देवरा यात्रा पर निकली है. देवी इन दिनों जनपद के अनेक क्षेत्रों में घर-घर जाकर भक्तों की कुशलता पूछ रही है. भक्त भी देवी का भव्य स्वागत कर रहे हैं. गुरुवार को अगस्त्यमुनि से होते हुए मां काली रामपुर, तिलवाड़ा, भटवाड़ीसैण होते हुए जिला मुख्यालय पहुंची. जहां बेलनी में स्थानीय लोगों ने देवी का फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया. मुख्य बाज़ार में भक्तों को आशीर्वाद देते हुए यात्रा बस अड्डे पहुंची. जहां फिर से यात्रा का स्वागत हुआ. उन्होंने कहा कि हर पड़ाव पर डोली का भक्त विशेष स्वागत कर रहे हैं.
पढ़ें-

