ऋषिकेश नाबालिग दुष्कर्म मामला: भड़का लोगों का गुस्सा, घटना वाले होटल में तोड़फोड़, शक के घेरे में संचालक की भूमिका
ऋषिकेश में जिस होटल में नाबालिग से दुष्कर्म की घटना हुई, वहां लोगों ने तोड़फोड़ की. आरोपी पुलिस के गिरफ्त से अभी भी दूर है.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : September 1, 2026 at 1:51 PM IST
ऋषिकेश: दो दिन पहले घटित हुए नाबालिग से दुष्कर्म के मामले को लेकर ऋषिकेश में लोगों का गुस्सा भड़क उठा है. घटना से आक्रोशित लोगों ने उस होटल के बाहर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया, जहां दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया था. इस दौरान भीड़ ने होटल में तोड़फोड़ कर अपना आक्रोश जताया. घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की जांच लगातार आगे बढ़ रही है. फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है. पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं. इधर, मामले में होटल प्रबंधन की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई है. पुलिस ने होटल संचालक को पूछताछ के लिए बुलाया है.
Rishikesh Case: Visited AIIMS to enquire about the minor victim's health; instructed strict legal action & swift justice.
— Kusum Kandwal (@ikusumkandwal) August 31, 2026
Taking suo motu cognisance of the heinous rape case of a minor at a Rishikesh hotel, visited AIIMS Rishikesh today to meet the victim and her family. Assured… pic.twitter.com/BzFqRr1a8h
होटल संचालक को पूछताछ के लिए बुलाया गया है और उससे मामले से संबंधित जानकारी ली जा रही है. जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर नियमों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
- यशपाल बिष्ट, प्रभारी निरीक्षक, ऋषिकेश कोतवाली -
महिला आयोग अध्यक्ष ने एम्स पहुंचकर जाना पीड़िता का हाल: मामले को लेकर उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल भी सक्रिय हुईं हैं. उन्होंने अस्पताल पहुंचकर पीड़िता और उसके परिजनों से मुलाकात की और घटना के संबंध में जानकारी ली. उन्होंने पीड़िता और उसके परिवार को न्याय दिलाने और सुरक्षा का भरोसा दिया. महिला आयोग की अध्यक्ष ने मामले को गंभीर बताते हुए पीड़िता के परिजनों को आश्वस्त किया कि प्रकरण में दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित अधिकारियों से समन्वय किया जाएगा.
ऋषिकेश के एक होटल में नाबालिग के साथ हुए घिनौने रेप केस का स्वतः संज्ञान लेते हुए एम्स ऋषिकेश जाकर पीड़िता और उसके परिवार से मुलाकात की. उन्हें बेहतर इलाज, सुरक्षा और जल्द न्याय का भरोसा दिलाया. महिला आयोग पीड़िता के अधिकारों की रक्षा और उसे न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय किया और उन्हें निर्देश दिया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी में तेजी लाएं और लागू कानूनी प्रावधानों के तहत सबसे सख्त सजा सुनिश्चित करें. हमारी बेटियों की सुरक्षा और सम्मान सर्वोपरि है. उनके सम्मान को खतरे में डालने वाले किसी भी व्यक्ति के प्रति जीरो टॉलरेंस अपनाया जाएगा.
- कुसुम कंडवाल, अध्यक्ष, राज्य महिला आयोग -
उधर, घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में आक्रोश बना हुआ है. स्थानीय लोगों की मांग है कि नाबालिग के साथ हुई घटना में शामिल आरोपियों के साथ किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए.
पुलिस की अपील: फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ-साथ होटल प्रबंधन की भूमिका समेत मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. पीड़िता की पहचान से जुड़ी किसी भी जानकारी को सार्वजनिक न करने की भी पुलिस ने अपील की है. पुलिस ने लोगों से यह भी अपील की है कि कोई भी व्यक्ति कानून अपने हाथ में न लें, तोड़ फोड़ जैसी घटनाओं से माहौल खराब होता है.
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि पीड़िता और आरोपी के बीच संपर्क सोशल मीडिया ऐप के जरिए हुआ था. आरोपी बाहरी क्षेत्र का रहने वाला है. वहीं, पुलिस ने फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तलाश तेज कर दी है. संभावित ठिकानों और जानकारों के यहां पुलिस दबिश दे रही है.
दरअसल, यह घटना दो दिन पहले 29 अगस्त को सामने आई थी. 16 वर्षीय छात्रा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि आरोपी से उसकी मुलाकात सोशल मीडिया ऐप के जरिए हुई थी. बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी ने उसे होटल बुलाया था, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया. मामले में पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज किया है. जांच में सामने आया है कि आरोपी ऋषिकेश से बाहर का रहने वाला है.
ये भी पढ़ें: ऋषिकेश में 16 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म, दर्ज हुआ केस, जांच में जुटी पुलिस

