ETV Bharat / state

धनबाद में पेयजल संकट से जूझ रहे लोगों का फूटा गुस्सा, बीसीसीएल जीएम कार्यालय का मेन गेट किया जाम

धनबाद में पेयजल संकट को लेकर लोगों ने बीसीसीएल एरिया-10 के महाप्रबंधक कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया.

Drinking Water Crisis in Dhanbad
धनबाद बीसीसीएल महाप्रबंधक कार्यालय के सामने प्रदर्शन करते लोग. (फोटो-ईटीवी भारत)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : June 18, 2026 at 2:37 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

धनबाद: झरिया स्थित बागडीगी बस्ती में पेयजल संकट को लेकर लोगों का आक्रोश सड़क पर उतर आया. पिछले छह महीने से नियमित पानी की आपूर्ति बंद होने से परेशान हजारों लोगों ने बीसीसीएल एरिया-10 के महाप्रबंधक कार्यालय के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन किया. गैलन और बाल्टियां लेकर पहुंचे लोगों ने बीसीसीएल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की और जल्द समस्या के समाधान की मांग की. इस दौरान लोगों ने महाप्रबंधक कार्यालय का मुख्य गेट जाम कर दिया.

स्थानीय लोगों का आरोप है कि परियोजना विस्तारीकरण के बाद से बस्ती में पानी और बिजली की समस्या लगातार बनी हुई है. छह महीने पहले पेयजल कनेक्शन काट दिए जाने के कारण हजारों परिवारों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

समस्या साझा करते स्थानीय लोग. (वीडियो-ईटीवी भारत)

लोगों का कहना है कि काफी प्रयास और बातचीत के बाद जामाडा (JAMADA) की ओर से नए सिरे से पानी का कनेक्शन देने की प्रक्रिया शुरू की गई थी. संबंधित टीम पाइपलाइन बिछाने और कनेक्शन लगाने पहुंची भी थी, लेकिन बीसीसीएल प्रबंधन ने काम रुकवा दिया. इससे पहले से परेशान लोगों का गुस्सा और बढ़ गया.

बीसीसीएल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की

प्रदर्शनकारियों ने हाथों में खाली गैलन और बाल्टियां लेकर बीसीसीएल के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और मुख्य गेट को जाम कर दिया. उनका कहना है कि जब तक बस्ती में नियमित पेयजल आपूर्ति बहाल नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. स्थानीय लोगों का कहना है कि छह महीने से पानी के लिए भटकना पड़ रहा है. अब नया कनेक्शन भी नहीं लगाने दिया जा रहा है. अगर हमारी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो हम भी बीसीसीएल अधिकारियों के बंगलों तक पानी की आपूर्ति नहीं होने देंगे.

भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट ने बस्ती के लोगों के सब्र का बांध तोड़ दिया है. अब सभी की नजर बीसीसीएल प्रबंधन और प्रशासन पर है कि आखिर हजारों लोगों की इस बुनियादी समस्या का समाधान कब तक हो पाता है.

ये भी पढ़ें-

बोकारो के कई बस्तियों में पेयजल की समस्या, बूंद-बूंद के लिए लोगों को रोजाना करना पड़ता है संघर्ष

लातेहार में जोरदार आवाज के साथ जमींदोज हुआ कुंआ, बाधित हुई पूरे गांव की पेयजल सप्लाई

पाकुड़ में पेयजल एवं बिजली समस्या को लेकर सड़क पर उतरे भाजपा कार्यकर्ता, आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन