युवक ने डॉ अंबेडकर पर की आपत्तिजनक टिप्पणी, जसपुर में तनाव का माहौल, इलाके में पुलिस बल तैनात
उधम सिंह नगर जिले के जसपुर में किसी व्यक्ति ने आपत्तिजनक टिप्पणी की है, जिसके बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल हो गया था.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : February 20, 2026 at 1:38 PM IST
रुद्रपुर: उत्तराखंड में उधम सिंह नगर जिले के जसपुर क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है. यहां किसी व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की, जिसका वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में हंगामा हो गया. आक्रोशित लोगों ने धर्मपुर पुलिस चौकी पहुंचकर प्रदर्शन किया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
जानकारी के मुताबिक एक युवक ने डॉ. भीमराव अंबेडकर पर आपत्तिजनक टिप्पणी. युवक ने इसका वीडियो भी बनाया है, जो तेजी से वायरल हो गया. जैसे ही वीडियो की जानकारी अम्बेडकर समाज और अन्य सामाजिक संगठनों को मिली तो क्षेत्र में आक्रोश फैल गया. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग धर्मपुर पुलिस चौकी पहुंच गए. प्रदर्शनकारियों ने आरोपी युवक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की. इस दौरान लोगों ने पुलिस चौकी के बाहर नारेबाजी भी की.
लोगों का कहना था कि इस तरह की टिप्पणी से समाज में वैमनस्य फैलाने का प्रयास है और इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. प्रदर्शन के दौरान माहौल तब और तनावपूर्ण हो गया जब कुछ लोगों ने चौकी के बाहर स्थित हाईवे पर जाम लगाने की कोशिश की. स्थिति बिगड़ती देख पुलिस प्रशासन तत्काल सक्रिय हो गया. आसपास के थाना क्षेत्रों से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाया गया.
बाजपुर सीओ विभव सैनी ने बताया कि प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और निष्पक्ष जांच व सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया. इसके बाद धीरे-धीरे स्थिति नियंत्रण में आई और यातायात व्यवस्था सामान्य की गई. बताया जा रहा है कि वीडियो बनाने वाला युवक नाबालिग है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सोशल मीडिया पर वायरल सामग्री की तकनीकी जांच भी कराई जा रही है.

अधिकारियों का कहना है कि कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए सतर्कता बरती जा रही है. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात है.
पढ़ें---

