बिहार विधानसभा चुनाव 2025: NDA की जीत पर दिल्ली में बसे बिहार के लोगों ने कहा- फिर लौटी सरकार से उम्मीदें भी बढ़ीं
बिहार के लोगों ने सरकार की योजनाओं पर काम को जीत का श्रेय दिया, वहीं महिलाओं को भी एक बड़ा फैक्टर माना. पढ़ें विस्तार से..

Published : November 14, 2025 at 5:52 PM IST
नई दिल्ली: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों ने राजधानी दिल्ली में रह रहे बिहार के लोगों में नई ऊर्जा व उम्मीद भर दी है. बिहार में एक बार फिर पूर्ण बहुमत से एनडीए की सरकार बनने जा रही है, जिसे दिल्ली दिल्ली में कामकाज या पढ़ाई के सिलसिले में रह रहे बिहार के लोग इस जीत को विकास, स्थिरता व सुशासन की जीत मान रहे हैं. ईटीवी भारत ने दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले बिहार के लोगों से बातचीत की.
इसलिए जनता का रहा झुकाव: मूल रूप से आरा जिले के निवासी उमेश कुमार ने बताया कि जनता ने एनडीए को इसलिए चुना क्योंकि लोग स्थिरता चाहते हैं. उनके अनुसार महागठबंधन में जलेबी की तरह उलझन है और एक स्पष्ट नेतृत्व की कमी है. उन्होंने कहा कि महागठबंधन में कोई ऐसा नेता नहीं है, जिसकी बात लोग सुनें. सब पीएम, सीएम या मंत्री बनने के चक्कर में हैं. एनडीए सुसंगठित है और केंद्र व राज्य में एक जैसी सरकार होने से विकास को गति मिली है.
उन्होंने बताया कि एनडीए के साथ सरकार बनने के बाद मूल राज्य में बुनियादी ढांचे पर तेजी से काम हुआ है. सड़कें, पुल, मेट्रो कनेक्टिविटी जैसे कई क्षेत्रों में सुधार हुआ. बेरोजगारी पर उन्होंने कहा कि देशभर में जॉब की मांग बहुत अधिक है, लेकिन एनडीए युवाओं को बिजनेस लोन व सब्सिडी जैसे विकल्प दे रही है. अगर कोई काम करना चाहता है तो कर लेगा, सरकार अवसर दे रही है.
महिला वोट एनडीए की ओर: मूलत: भागलपुर के अभिषेक कुमार ने बातचीत में कहा कि एनडीए की जीत का सबसे बड़ा कारण महिलाओं को दिया गया आर्थिक लाभ था. उन्होंने कहा कि जीविका दीदी पहल के माध्यम से 10 हजार रुपये मिलने से महिला वोट सीधा एनडीए को गया. उन्होंने कहा सरकार ने गुड गवर्नेंस व कानून-व्यवस्था पर अच्छा काम किया है. विकास अपेक्षित गति से नहीं हुआ, लेकिन लोगों ने केंद्र व राज्य में एक जैसी सरकार रखने का विकल्प पसंद किया, जिससे विकास तेज हो. लोगों ने इस बार बढ़-चढ़कर मतदान किया है, यह विश्वास का संकेत है.
केंद्र व राज्य में एक सरकार से विकास की उम्मीद बढ़ी: दरभंगा की मूल निवासी बबीता कुमारी फिलहाल दिल्ली में रहती हैं. उन्होंने कहा कि जनता विकास चाहती है. केंद्र और राज्य में एक सरकार होगी तो काम तेजी से होगा. हम सिर्फ यही चाहते हैं कि सरकार युवाओं, किसानों व आम लोगों के लिए काम करे. अब विकास कार्यों में तेजी आएगी और क्षेत्रीय समस्याओं का समाधान भी तेज होगा.
मतदान नहीं कर पाया, लेकिन मनपसंद पार्टी जीती: दरभंगा के ही शिवम कुमार गुप्ता मतदान नहीं कर पाए, लेकिन उनके परिवार ने मतदान में हिस्सा लिया. उन्होंने कहा कि अगर वोटर लिस्ट में नाम होता तो मैं दिल्ली से लौटकर वोट जरूर डालता. मुझे खुशी है कि जिस पार्टी को मैं वोट देना चाहता था वही जीती है. उम्मीद है कि एनडीए अच्छा काम करेगी.
दिल्ली में रहने वाले बिहार के लोगों की राय साफ बताती है कि एनडीए की जीत को वे सुशासन, स्थिरता, महिला सशक्तिकरण व केंद्र–राज्य समन्वय से जोड़कर देखते हैं. जहां महागठबंधन की असंगतता को बड़ा मुद्दा माना गया है. वहीं लोगों ने नई सरकार से अपनी प्राथमिकताएं भी स्पष्ट कर दी. बेहतर रोजगार, मजबूत कानून-व्यवस्था और तेजी से विकास व युवाओं के लिए नए अवसर. दिल्ली में बसे बिहार के लोगों ने कहा कि अब विकास की रफ्तार और बढ़नी चाहिए.
यह भी पढ़ें-
'डबल इंजन की सरकार होती है तो ऐसे ही रिजल्ट आते हैं': बिहार चुनाव परिणाम पर बोले, बीजेपी महासचिव
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने तुगलकाबाद क्षेत्र का किया दौरा, स्थानीय मुद्दों पर दिया जोर

