ETV Bharat / state

1 करोड़ की पी गए शराब, दिनभर दुकानों पर लगी रही भीड़, पुलिस को फटकारने पड़े डंडे

होली पर शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों ने जमकर जाम छलकाए. आबकारी विभाग के बिक्री के आंकड़े आना बाकी.

BALODA BAZAR
1 करोड़ की पी गए शराब (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : March 4, 2026 at 3:05 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

चंद्रकांत वर्मा की रिपोर्ट

बलौदा बाजार: होली का त्योहार रंग, उमंग और आपसी मेलजोल का प्रतीक है, लेकिन पलारी क्षेत्र में इस बार अलग ही तस्वीर देखने को मिली. सुबह दुकानें खुलते ही शराब दुकानों के बाहर हजारों की भीड़ जुट गई. हालात ऐसे रहे कि देर रात तक शराब खरीदने के लिए लंबी कतारें लगी रही. पूरे दिन अफरा-तफरी का माहौल शराब दुकानों पर बना रहा. मुख्य बाजार के अलावा गिधपुरी और रोहांसी समेत आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी ऐसा ही नजारा देखने को मिला. लोगों को ऐसा लगा कि शायद अगले दिन शराब की दुकानें बंद रहेंगी, इस वजह से लोगों में पहले ही शराब खरीदने की होड़ लग गई.

1 करोड़ से ज्यादा की बिकी शराब

लोगों ने बताया कि शराब की दुकानें जैसे ही सुबह के वक्त खुली, लोग लाइन लगाकर मौके पर खड़े हो गए. गर्मी जरूर लोगों को परेशान कर रही थी लेकिन शराब खरीदने की होड़ में लोग घंटों धूप में तपते रहे. कई बार तो लाइन में खड़े रहने और घुसने को लेकर लोगों के बीच धक्का-मुक्की तक हो गई. पुलिस जब डंडे फटकारती तो लाइन में खड़े लोग सतर्क हो जाते.

BALODA BAZAR
1 करोड़ की पी गए शराब (ETV Bharat)


1 दिन में 1 करोड़ से ज्यादा की बिकी शराब

होली के मौके पर शराब की बिक्री ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए. अनुमान है कि पलारी, गिधपुरी और रोहांसी की तीनों दुकानों में मिलाकर एक ही दिन में 1 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ है. त्योहार को देखते हुए अतिरिक्त स्टॉक मंगाया गया था, लेकिन मांग इतनी तेज रही कि कई बार स्टॉक कम पड़ने की स्थिति बन गई. दुकान संचालकों का कहना है कि होली पर हर साल बिक्री बढ़ती है, लेकिन इस बार भीड़ असाधारण रही. लोगों ने अधिक मात्रा में खरीदारी की.

दुकान बंद होने की अफवाह से बढ़ी भीड़

प्रशासन की ओर से यह स्पष्ट किया गया था कि रात 10 बजे दुकानें बंद होंगी और अगले दिन अवकाश रहेगा. इसी सूचना के बाद शराब प्रेमियों में हड़कंप मच गया. लोगों ने त्योहार के दिन ही अपनी जरूरत से ज्यादा खरीदारी करने की कोशिश की. जैसे-जैसे शाम ढलती गई, भीड़ और बढ़ती गई. कई लोग अंतिम समय तक लाइन में खड़े रहे. शराब दुकानों के पास रहने वाले लोगों ने भीड़ और हंगामे को लेकर आपत्ति जताई. उनका कहना था कि हर साल त्योहार के मौके पर इस तरह के हालात बनते हैं. स्थानीय लोगों को आने जाने से लेकर शराबियों तक से परेशानी उठानी पड़ती है.


SPECIAL: एक दिन में 27 करोड़ का जाम गटक गए छत्तीसगढ़िया, खूब बिकी शराब

राजनांदगांव: दुकान खुलते ही मदिरा प्रेमी गटक गए पौने तीन करोड़ की शराब

धमतरी वासी गटक गए 300 करोड़ की शराब, आबकारी विभाग का बयान