बच्चा चोर की अफवाह का जहर, जद में आई महिला!
धनबाद में एक बार फिर से बच्चा चोर के अफवाह की जद में एक महिला आ गयी.

Published : February 28, 2026 at 8:01 PM IST
रिपोर्ट- नरेंद्र कुमार निषाद.
धनबाद: जिला में धनसार थाना क्षेत्र के जोड़ा फाटक में शनिवार को बच्चा चोर की अफवाह फिर से फैली. बच्चा चोरी की आशंका में स्थानीय लोगों ने एक महिला को पकड़ लिया. इसके बाद देखते ही देखते लोग जमा हो गये. साथ ही माहौल तनावपूर्ण हो गया लेकिन स्थिति बिगड़ने से पहले कुछ प्रबुद्ध लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी.
इसकी सूचना मिलते ही धनसार थाना की पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस की टीम ने पकड़ी गयी महिला को भीड़ के बीच से सुरक्षित निकालकर थाना ले आई. धनसार थाना के इंस्पेक्टर मनोहर करमाली ने बताया कि पकड़ी गई महिला का नाम कुमारी ममता दीपक है. वह सारण जिला (छपरा) की रहने वाली है, उनके पति दीपक कुमार सरकारी शिक्षक थे, जिनका निधन हो चुका है.
पुलिस के अनुसार महिला के पास से एक बैंक पासबुक भी मिला है. जांच में सामने आया है कि नवंबर 2025 में उसके खाते में करीब एक लाख रुपये ट्रांसफर किए गए थे. बताया जा रहा है कि महिला मानसिक रूप से अर्धविक्षिप्त है, उनके दो बेटे हैं, जिनमें एक सरकारी शिक्षक है. इंस्पेक्टर ने बताया कि महिला के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है, आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया जाएगा.
इस घटना को लेकर एक बार फिर से पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और कानून को अपने हाथ में न लें. ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. अगर ऐसी शंका वाली बात हो तो तुरंत स्थानीय थाना को सूचित करें और किसी भी हाल में कानून अपने हाथों में न लेने की हिदायत पुलिस की ओर से दी गयी है.
बता दें कि पिछले दिनों राजगंज थाना क्षेत्र में एक महिला की लोगों ने पिटाई कर दी थी. पुलिस ने कड़ा एक्शन लेता हुए तीन लोगों को मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. पुलिस के द्वारा इस कार्रवाई का असर जिला में दिखने लगा है.
इसे भी पढ़ें- बच्चा चोर की अफवाह से भड़की भीड़, दो निर्दोष लोगों की पिटाई
इसे भी पढ़ें- बच्चा चोर की अफवाह पर धनबाद पुलिस अलर्ट, भीड़ पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
इसे भी पढ़ें- बच्चा चोर की अफवाह को रोकना बड़ी चुनौती, पलामू प्रमंडल में पुलिस ने बढ़ाई निगरानी

