झरिया में कोयला लोड ट्रक की चपेट में आने से बच्ची की मौत, सड़क जाम कर की आगजनी
धनबाद के झरिया में ट्रक की चपेट में आने से एक बच्ची की मौत हो गई है. आक्रोशित लोगों ने सड़क पर आगजनी की.

Published : February 23, 2026 at 2:57 PM IST
धनबाद: झरिया में देर रात दर्दनाक हादसे के बाद सोमवार सुबह हालात बेकाबू हो गए. झरिया थाना और घनुवाडीह ओपी क्षेत्र के बालूगद्दा में कोयला लोड ट्रक की चपेट में आने से एक मासूम बच्ची की मौत हो गई. लोगों का कहना है कि ट्रक में अवैध कोयला लोड था. गुस्साए लोगों ने पहले ट्रक को रोका और फिर सुबह झरिया–बलियापुर मुख्य मार्ग पर डीएवी उच्च विद्यालय के पास आगजनी कर सड़क जाम कर दिया. उसी स्कूल में मतदान केंद्र भी बना था, जहां कुछ देर के लिए वोटिंग प्रभावित हुई.
अवैध कोयला लोड ट्रकों की आवाजाही से हुआ हादसा: स्थानीय
घटना को लेकर स्थानीय लोगों का आरोप है कि संकरी गलियों से रोजाना अवैध कोयला लोड ट्रकों की आवाजाही होती है. इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक ने बच्ची को कुचल दिया. लोगों ने अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. सड़क जाम को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिस पहुंची, लेकिन भीड़ के आगे पुलिस बेबस नजर आई और घंटों सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही.
जिस स्कूल के आगे सड़क जाम किया था, उस स्कूल में बूथ संख्या 12, 13, 14 और 15 पर मतदान चल रहा था. जाम के कारण कुछ समय के लिए मतदान की रफ्तार धीमी पड़ी. हालांकि अंचल अधिकारी मनोज कुमार ने दावा किया कि मतदान पूरी तरह बाधित नहीं हुआ. मौके पर झरिया के पूर्व विधायक और मेयर प्रत्याशी संजीव सिंह भी पहुंचे. उन्होंने परिजनों और उग्र भीड़ को समझाने की कोशिश की और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए.
लगातार घर हटाने की दी जाती थी धमकी: मृतक बच्ची की मां
वहीं मेयर प्रत्याशी इंदु देवी ने संजीव सिंह पर ही गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि बच्ची के शव को जबरन उठवाया गया और इलाके में उनके द्वारा दबंगई दिखाई जा रही है. मृत बच्ची की मां खुशबू देवी का आरोप है कि जिस जगह हादसा हुआ, वहीं उनका घर है. रोजाना ट्रकों की आवाजाही से खतरा बना रहता था और घर हटाने की धमकी भी दी जाती थी. उनका कहना है कि सुनियोजित तरीके से उनकी बच्ची को कुचला गया है.
ये भी पढ़ें: गोड्डा के ललमटिया में रेलवे ट्रैक पर गिरा हाइवा, चालक-उपचालक घायल, रेलवे यातायात बाधित
सांसद निशिकांत दुबे ने पत्नी के संग की वोटिंग, बैलेट से हो रहे मतदान पर जताई आपत्ति
नगर निकाय चुनाव: राज्य के 48 शहरी निकाय क्षेत्रों में चल रहा है मतदान, निर्वाचन आयोग रख रही है नजर

