धनबाद में बच्चा चोरी के शक में किन्नर की पिटाई, पुलिस ने भीड़ से बचाया
धनबाद के बैंक मोड़ थाना इलाके में बच्चा चोरी के शक में एक किन्नर की लोगों ने पिटाई कर दी.

Published : February 19, 2026 at 7:23 PM IST
धनबाद: बैंक मोड़ थाना इलाके में बच्चा चोरी की अफवाहों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को चुनौती दी है. मटकुरिया श्मशान घाट के पास लोगों ने बच्चा चोर होने के शक में एक महिला की पिटाई कर दी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को भीड़ से छुड़ाकर थाने ले आई.
धनबाद के बैंक मोड़ थाना इलाके में मटकुरिया श्मशान घाट से थोड़ी दूरी पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कुछ लोगों ने बच्चा चोर होने के शक में एक महिला को पकड़ लिया. देखते ही देखते भीड़ जमा हो गई और महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि महिला भेष बदलकर बच्चे चुराने के इरादे से इलाके में घूम रही थी. इसी बीच किसी ने बैंक मोड़ थाने में घटना की सूचना दे दी. सूचना मिलने पर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और महिला को भीड़ से छुड़ाकर थाने ले आई.
पूछताछ में महिला ने पुलिस को बताया कि वह एक किन्नर है और लोगों से भीख मांगकर अपना गुजारा करती है. इस मामले के बारे में बैंक मोड़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली थी कि लोगों ने एक बच्चा चोर को पकड़ रखा है. मौके पर पहुंचकर पुलिस उसे सुरक्षित थाने ले आई. जांच के दौरान उसके पास से कोई आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ.
थाना प्रभारी ने साफ कहा कि लोग बच्चा चोरी की बेबुनियाद अफवाहें फैलाने से बचें. उन्होंने चेतावनी दी कि अफवाहें फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस सोशल मीडिया पर भी कड़ी नजर रख रही है और बच्चा चोरी की जुड़ी झूठी खबरें फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध स्थिति में कानून अपने हाथ में लेने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें.
यह भी पढ़ें:
बच्चा चोरी के आरोप में भीड़ ने की पिटाई, दो महिला सहित तीन को पुलिस ने बचाया
रामगढ़ के पतरातू में बच्चा चोरी के अफवाह में गांव वालों ने महिला को पीटा, पुलिस ने बचाई जान
बोकारो में बच्चा चोरी की अफवाह पर प्रशासन की सख्ती, 300 से अधिक सोशल मीडिया अकाउंट्स चिन्हित

