गिरिडीह में पुलिस टीम पर हमला, फरार हुआ साइबर अपराधी, जांच में जुटी पुलिस
गिरिडीह में एक साइबर अपराधी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया.

Published : June 11, 2026 at 2:09 PM IST
गिरिडीह: जिले में एक साइबर अपराधी को पकड़ने पहुंची पुलिस की टीम पर हमला हो गया. इस दौरान कुछ लोगों ने पथराव करते हुए पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त कर दिया. तभी साइबर अपराधी मौके का फायदा उठाकर अपने साथियों के साथ फरार हो गया. घटना अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के चिकसोरिया गांव की है. वही पथराव की इस घटना में कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं.
मौके से फरार हुआ चुरामण मंडल
जानकारी के मुताबिक, चामलिटी गांव निवासी साइबर अपराधी चुरामण मंडल अपने ससुराल चिकसोरिया गांव में रह रहा था. गुप्त सूचना के आधार पर गिरिडीह साइबर पुलिस उसे पकड़ने के लिए गांव पहुंची. तभी खुद को घिरता देख चुरामण मंडल और उसके सहयोगियों ने मौके पर मौजूद भीड़ के साथ मिलकर पुलिस टीम का विरोध शुरू कर दिया और देखते ही देखते पुलिस पर हमला और पथराव शुरू हो गया. इस दौरान पुलिस के पेट्रोलिंग वाहन का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया. हंगामा और पथराव के बीच चुरामण मंडल मौके से फरार होने में कामयाब रहा.
पुलिस टीम पर पथराव
घटना के संबंध में अहिल्यापुर थाना प्रभारी ऐनुल हक खान ने बताया कि गिरिडीह साइबर पुलिस की ओर से साइबर अपराधी चुरामण मंडल को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही थी. इसी बीच ग्रामीणों और परिजनों द्वारा पुलिस टीम पर हमला हो गया. उन्होंने बताया कि मामले में 5 से 7 नामजद तथा 15 से 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.
पुलिस पर हमला करने वालों और अपराधी को भगाने में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फरार साइबर अपराधी और उसके सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी अभियान चला रही है: ऐनुल हक खान, थाना प्रभारी, अहिल्यापुर
ये भी पढ़ें- विसर्जन जुलूस में विवाद के बाद पुलिस पर हमला, गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस के वाहन को नहर में धकेला
पलामू में रोड जाम हटाने गई पुलिस पर किया हमला मामला, आठ आरोपी गिरफ्तार
पंडरा ओपी में घुसकर पुलिस पर हमला करने वाले आठ गिरफ्तार, थानेदार भी हुए थे घायल

