ETV Bharat / state

रामनगर: गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा थारी-कांडला इलाका, दहशत में ग्रामीण, सामने आया कारण

पीरूमदारा क्षेत्र के ग्राम थारी-कांडला में फायरिंग की घटना सामने आने के बाद पुलिस एक्टिव मोड पर आ गई है.

Peerumadara Thari Village
फायरिंग की घटना से लोगों में खौफ (Photo-Local Resident)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : March 1, 2026 at 5:04 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रामनगर: नैनीताल जिले के रामनगर के पिरूमदारा चौकी क्षेत्र के थारी-कांडला में रविवार सुबह हुई फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पीड़ित पक्ष ने गांजा पकड़वाने की रंजिश में पड़ोसी और उसके साथियों पर घरों में घुसकर गोलियां चलाने का आरोप लगाया है.

रामनगर के पिरूमदारा चौकी अंतर्गत थारी-कांडला क्षेत्र में सुबह करीब साढ़े नौ से दस बजे के बीच अचानक गोलियां चलने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम महज पांच मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गई और पूरे क्षेत्र का जायजा लिया. बाद में फॉरेंसिक टीम को भी बुलाकर घटनास्थल को घेरकर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की गई.

पीड़ित गुरमीत सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले गांव के ही एक युवक को 8 से 9 किलो गांजे के साथ पुलिस ने गिरफ्तार किया था, जो उनके पड़ोसी अर्जुन सिंह का रिश्तेदार है. तभी से अर्जुन सिंह उन्हें इस मामले में शक की नजर से देख रहा था और रंजिश रखे हुए था. गुरमीत के अनुसार अर्जुन सिंह बाहर से आने वाले कुछ युवकों के साथ मिलकर गांव में लोगों को धमकाता था और उसके ट्रैक्टर के ड्राइवर पर भी अपने यहां काम करने का दबाव बना रहा था.

फायरिंग की घटना से लोगों में खौफ (वीडियो सोर्स: Local Resident)

गुरमीत सिंह ने बताया कि रविवार सुबह क्रशर के पास अर्जुन सिंह ने उनके ड्राइवर के साथ फिर अभद्रता की और जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद वे अपने घर लौट आए. आरोप है कि थोड़ी देर बाद अर्जुन सिंह अपने 4 से 5 साथियों के साथ उनके घर पहुंचा और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. अचानक हुई गोलीबारी से घर में मौजूद बच्चे और महिलाएं दहशत में आ गए और पड़ोसियों के घरों में छिपकर जान बचानी पड़ी.

आरोप है कि हमलावरों ने पास के एक अन्य घर पर भी फायरिंग की. गुरमीत सिंह की पड़ोसी सुखविंदर कौर ने भी उनके घर पर गोलियां चलने की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि छोटे-छोटे बच्चों को कमरे में बंद कर किसी तरह जान बचाई. उनका आरोप है कि हमलावर गांजा बेचने का काम करते हैं और अपने रिश्तेदार की गिरफ्तारी के बाद से गांव के लोगों पर शक कर धमका रहे थे.

मामले में सीओ सुमित पांडे ने बताया कि, फायरिंग की सूचना मिलते ही पिरूमदारा चौकी, रामनगर कोतवाली पुलिस और वे स्वयं मौके पर पहुंचे. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुछ दिन पहले गांजा तस्करी के मामले में हुई गिरफ्तारी को लेकर गलतफहमी और रंजिश के चलते आरोपियों ने डराने-धमकाने के लिए फायरिंग की. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. मामले में एक युवक रोहित गुर्जर का नाम प्रकाश में आया है. जिस पर पहले से आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. आपराधिक हिस्ट्री खंगाली जा रही है और तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें: