कब मिलेगी पेंशन? नाराज HRTC पेंशनर्स ने दी विधानसभा घेराव की चेतावनी
HRTC पेंशनर्स ने अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 7, 2026 at 9:46 PM IST
ऊना: हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर पेंशनर्स की समस्याएं सरकार के लिए बड़ी चुनौती बनकर सामने आई है. हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) से सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने समय पर पेंशन न मिलने और लंबित मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ खुलकर नाराजगी जाहिर की है. बुजुर्ग पेंशनर्स का कहना है कि जीवन के इस पड़ाव पर उन्हें संघर्ष नहीं, बल्कि सम्मान और सुरक्षा की जरूरत है.
शनिवार को ऊना जिला मुख्यालय के पुराने बस अड्डा परिसर में हिमाचल पथ परिवहन निगम सेवानिवृत कर्मचारी कल्याण संगठन ने बैठक के दौरान प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. पेंशनर्स ने नारेबाजी करते हुए समय पर पेंशन जारी न होने पर रोष जताया और सरकार से जल्द समाधान की मांग की.
पेंशन को उम्र के आधार पर बांटने पर आपत्ति
संगठन के अध्यक्ष किशोरी लाल ने कहा कि वर्तमान में सरकार पेंशन को चार अलग-अलग आयु वर्गों में बांटकर जारी कर रही है. 75 वर्ष, 65 वर्ष, 63 वर्ष और 58 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनर्स के लिए अलग-अलग भुगतान व्यवस्था बनाई गई है. इससे पेंशनर्स के बीच असमानता और भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है. उन्होंने मांग की कि सभी पेंशनर्स को एक समान और एकमुश्त पेंशन दी जाए.
मेडिकल बिल लंबित, बढ़ी परेशानी
किशोरी लाल ने आरोप लगाया कि निगम कार्यालयों में पेंशनर्स के मेडिकल और अन्य प्रतिपूर्ति बिल लंबे समय से लंबित पड़े हैं. अधिकारी इस ओर कोई संवेदनशील रवैया नहीं अपना रहे हैं, जिससे बुजुर्ग पेंशनर्स को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है.
DA से वंचित पेंशनर्स
किशोरी लाल ने कहा कि जहां निगम में कार्यरत कर्मचारियों को सरकार द्वारा तीन प्रतिशत महंगाई भत्ता दिया जा चुका है, वहीं पेंशनर्स को इससे वंचित रखा गया है. इससे पेंशनर्स खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं. पेंशनर्स ने चेतावनी दी कि यदि उनकी पेंशन हर माह पहली तारीख को नियमित रूप से जारी नहीं की गई, तो सेवानिवृत कर्मचारियों की संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले प्रदेशभर में आंदोलन तेज किया जाएगा. पेंशनर्स ने तंज कसते हुए कहा कि जिस तरह उन्हें महीने के अंत में किश्तों में पेंशन मिलती है, उसी तरह मंत्री और विधायक भी अपनी सैलरी किश्तों में लें.
ये भी पढ़ें: 'विधायकों की समस्याओं का समाधान करें अधिकारी', विधायक प्राथमिकता बैठक में CM सुक्खू ने दिए स्पष्ट निर्देश

