ETV Bharat / state

परेशान हैं होमगार्ड्स: पुलिस जैसी कठिन ड्यूटी, पर नहीं मिल रहा मानदेय

झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन ने राज्य सरकार से जल्द बकाया मानदेय भुगतान की मांग की है

Jharkhand Home Guards Demand
प्रतीकात्मक तस्वीर. (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : June 30, 2026 at 2:48 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

रांचीः पर्व-त्योहार, चुनाव से लेकर बड़े-बड़े आयोजनों में सुरक्षा को लेकर होमगार्ड हमेशा अपनी ड्यूटी निष्ठा के साथ निभाते हैं. पुलिस के साथ मिलकर होमगार्ड ड्यूटी करते हैं, लेकिन समय पर उन्हें मानदेय नहीं मिलता है. झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन ने राज्य सरकार से जल्द बकाया मानदेय भुगतान की मांग की है.

एसोसिएशन ने उठाई आवाज

झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव राजीव कुमार तिवारी ने बताया कि राज्य के होमगार्ड जवानों से लगातार विभिन्न विभागों में ड्यूटी कराई जाती है, लेकिन उनके मानदेय का भुगतान समय पर नहीं किया जाता. यह स्थिति अत्यंत चिंताजनक और दुर्भाग्यपूर्ण है. नगर निगम चुनाव में ड्यूटी करने वाले अनेक होमगार्ड जवानों के भत्ते का भुगतान आज तक लंबित है. इसके अलावा कई विभागों एवं संस्थानों में महीनों, यहां तक कि वर्षों तक ड्यूटी करने के बावजूद होमगार्ड के जवानों को मानदेय नहीं मिला है. स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत होमगार्ड जवानों को भी समय पर मानदेय का भुगतान नहीं किया जा रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.

आंदोलन की दी चेतावनी

झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन के अनुसार आपातकालीन परिस्थितियों में विभाग द्वारा होमगार्ड जवानों को तत्काल ड्यूटी पर भेजने के लिए कड़े आदेश जारी किए जाते हैं और ड्यूटी पर उपस्थित नहीं होने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी जाती है, लेकिन जब उन्हीं जवानों के मेहनताने और मानदेय के समय पर भुगतान की बात आती है, तो संबंधित विभाग और अधिकारी गंभीरता नहीं दिखाते. झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन ने सरकार से सवाल किया कि क्या होमगार्ड जवान इंसान नहीं हैं? क्या उन्हें अपने परिवार का भरण-पोषण करने के लिए समय पर मानदेय प्राप्त करने का अधिकार नहीं है?

झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन राज्य सरकार से मांग करता है कि सभी लंबित मानदेय और भत्तों का अविलंब भुगतान कराया जाए और भविष्य में होमगार्ड जवानों के मानदेय के समयबद्ध भुगतान के लिए स्थायी और प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. यदि इस गंभीर समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो एसोसिएशन राज्यव्यापी आंदोलन की रूपरेखा तैयार करने पर विचार करेगा.

ये भी पढ़ें-

झारखंड में ट्रेजरी घोटाले से मचा हड़कंप, अब होमगार्ड्स के वेतन निकासी को लेकर गाइडलाइंस जारी

होमगार्ड में रिश्वतखोरी व अवैध वसूली मामला, संजय सिंह सहित चार को किया निलंबित

न बारिश की चिंता और न बीमार होने की फिक्र, सड़क पर इस तरह फर्ज निभाता दिखा जवान