ETV Bharat / state

पेंच टाइगर रिजर्व में जुगनी बाघिन ने दिया सरप्राइज, फिर दिखी 5 बाघों की मस्तानी चाल

पेंच टाइगर रिजर्व में सफारी करने वालों के लिए जुगनी बाघिन आकर्षण का केंद्र है. जुगनी ने फिर शावकों के साथ दिखाई झलक.

Pench 5 tigers together
पेंच टाइगर रिजर्व में बाघों की संख्या 125 पार (Source : Getty)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : February 21, 2026 at 1:36 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

सिवनी : पेंच टाइगर रिजर्व में सफारी करने पहुंचे पर्यटक उस समय दंग रह गए, जब उन्हें एक साथ 5 बाघ दिखाई दिए. ये नजारा शुक्रवार का है. पार्क के कोर एरिया में एक बाघिन अपने 4 शावकों के साथ धीरे-धीरे जंगल में आगे बढ़ रही थी. इस बाघिन का नाम जुगनी है.

बाघिन पेंच टाइगर रिजर्व के जंगल से निकलकर रोड पर पहुंच गई. साथ में उसके शावक. ये दृश्य देख पर्यटकों की सांसें थम गईं. एक साथ पांच बाघों को इतने करीब से देख सैलानियों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. सभी ने इस सीन को अपने कैमरों में कैद किया.

पेंच टाइगर रिजर्व में फिर दिखी 5 बाघों की मस्तानी चाल (Source : Pench Tiger Reserve)

सफारी करने पहुंचे पर्यटकों का दिल बाग बाग

शुक्रवार सुबह सफारी के दौरान पर्यटक पेंच टाइगर रिजर्व की खूबसूरती निहार रहे थे. इसी दौरान अचानक झाड़ियों के बीच से बाघिन जुगनी निकली. उसके पीछे-पीछे 4 नन्हे शावक भी एक कतार में निकले. पहले तो लोगों को यकीन नहीं हुआ लेकिन जब गौर से देखा तो ये सीन देखकर दंग रह गए. जिप्सियों में सवार पर्यटक ये सीन देखकर रोमांचित हो गए. क्योंकि यही देखने के लिए तो लोग सफारी करने आते हैं.

पर्यटकों को अक्सर दिखती है जुगनी बाघिन

काफी देर तक बाघिन अपने बच्चों के साथ सैलानियों के सामने घूमती रही. वाइल्डलाइफ के जानकार इमरान खान का कहना है "इन दिनों जुगनी बाघिन पेंच का मुख्य आकर्षण है. जुगनी बहुत ही आत्मविश्वासी बाघिन है. वह अक्सर अपने शावकों के साथ पर्यटकों के सामने आकर उन्हें चौंका देती है. उसके शावक भी अब धीरे-धीरे इंसानी मौजूदगी के आदी हो रहे हैं. यही कारण है कि वे भागने के बजाय शांति से अपना रास्ता तय करते हैं."

पेंच टाइगर रिजर्व में बाघों की संख्या 125 पार

पेंच नेशनल पार्क वर्तमान में बाघों के लिए सबसे सुरक्षित और पसंदीदा ठिकाना साबित हो रहा है. पार्क प्रबंधन के अनुसार वर्तमान में यहां बाघों की संख्या लगभग 125 तक पहुंच गई है. बाघों के बढ़ते कुनबे ने न केवल पार्क की साख बढ़ाई है, बल्कि यहां पर्यटन गतिविधियों में भी भारी इजाफा किया है. वन्यजीव विशेषज्ञों का मानना है कि बेहतर प्रबंधन और सुरक्षा के चलते पेंच में बाघों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है.