ETV Bharat / state

झालावाड़ से सैंडल में छुपाकर लाता स्मैक, जयपुर में कोडवर्ड से सप्लाई, आरोपी गिरफ्तार

कमिश्नरेट की स्पेशल टीम की शिवदासपुरा थाना इलाके में कार्रवाई, चार लाख की स्मैक जब्त.

जयपुर में तस्कर गिरफ्तार
जयपुर में तस्कर गिरफ्तार (सोर्स- जयपुर पुलिस.)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : January 4, 2026 at 10:06 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर : राजधानी जयपुर में युवाओं की नसों में नशे का जहर घोलने वाले तस्करों के खिलाफ पुलिस का एक्शन जारी है. जयपुर कमिश्नरेट की स्पेशल टीम ने शिवदासपुरा थाना इलाके में कार्रवाई करते हुए एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है. उसके कब्जे से 79 ग्राम स्मैक जब्त की गई है, जिसकी कीमत करीब चार लाख रुपए है. आरोपी झालावाड़ के अकलेरा से सैंडल में स्मैक छुपाकर लाता और जयपुर में कोडवर्ड के आधार पर डिलीवरी करता. उससे पूछताछ में नशा तस्करी गिरोह के नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे होने की संभावना है.

एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज : स्पेशल कमिश्नर (ऑपेरशन) राहुल प्रकाश ने बताया कि झालावाड़ के नयागांव निवासी राहुल खरे को सीएसटी ने शिवदासपुरा थाना इलाके से गिरफ्तार किया है. वह अपने सैंडल में स्मैक सील कर लाता था. जयपुर में इसकी सप्लाई के लिए खास कोडवर्ड का इस्तेमाल करता और कोड बताने पर सैंडल की अदला-बदली कर स्मैक की डिलीवरी करता था. आरोपी के खिलाफ शिवदासपुरा थाने में मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है.

पढे़ं. जोधपुर पुलिस ने पकड़ी 4 करोड़ की अफीम, कार में ऐसी जगह छिपाकर लाया कि गैराज ले जानी पड़ी गाड़ी

आरोपी पर पुलिस रख रही थी लगातार नजर : उन्होंने बताया कि मुखबिर की सूचना पर आरोपी पर लगातार नजर रखी जा रही थी. झालावाड़ से उसके जयपुर के लिए मूवमेंट की जानकारी मिलने पर सीएसटी अलर्ट हो गई. तलाशी के दौरान उसके सैंडल से स्मैक जब्त की गई. उनका कहना है कि आरोपी से पूछताछ में नशे की तस्करी के नेटवर्क के बारे में कई अहम जानकारी मिलने की संभावना है, जिसके आधार पर आगे कार्रवाई जारी रहेगी.

नशे के तस्करों पर जारी रहेगा एक्शन : उन्होंने साफ किया है कि जयपुर में लोगों को नशे की लत में धकेलने वाले तस्करों के खिलाफ पुलिस का एक्शन लगातार जारी रहेगा. उन्होंने आमजन से नशे के खिलाफ इस लड़ाई में पुलिस का सहयोग करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि नशे की खरीद-फरोख्त से जुड़ी जानकारी पुलिस के साथ साझा करें ताकि ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके.