शाह के जयपुर दौरे पर डोटासरा का तंज, कहा-बिगड़ी कानून व्यवस्था पर चर्चा के बजाए नियुक्ति पत्र बांटेंगे
पीसीसी चीफ ने कांग्रेस विचारधारा के जिला परिषद सदस्यों के साथ पंचायतीराज चुनाव की रणनीति पर की चर्चा.

Published : January 9, 2026 at 4:09 PM IST
जयपुर: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 10 जनवरी को जयपुर आ रहे हैं, जहां राजस्थान पुलिस अकादमी में नवनियुक्त कांस्टेबलों को नियुक्ति पत्र देंगे. इस कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने निशाना साधा है. शाह के जयपुर दौरे से जुड़े सवाल पर डोटासरा बोले, दिल्ली हो या राजस्थान, डबल इंजन सरकार इवेंट मैनेजमेंट की सरकार है. आज से पहले क्या पुलिस में कोई भर्ती नहीं हुई क्या?. शाह चार-पांच बार राजस्थान आ गए हैं. प्रदेश में कानून-व्यवस्था की क्या स्थिति है, इस पर चर्चा करने के बजाए नियुक्ति पत्र बांटेंगे. नियुक्ति इन्होंने नहीं दी. अभ्यर्थियों ने मेहनत से हक हासिल किया है. इसका क्या इवेंट बनाना है.
पसीने की कमाई इवेंट में खर्च कर रहे: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि पिछले दिनों युवा महोत्सव मनाया गया. उसमें 100 लोग भी नहीं थे. उस कार्यक्रम में करोड़ों रुपए बर्बाद कर दिए गए. उससे पहले खेलो इंडिया हुआ था. जब सीएम बोल रहे थे, तब 200 लोग भी नहीं थे. राजस्थान के लोगों की पसीने की कमाई को इवेंट मैनेजमेंट में खर्च किया जा रहा है.
पंचायतीराज चुनावों को लेकर मंथन: डोटासरा ने कहा, कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े जिला परिषद के पूर्व सदस्यों की आज बैठक है. आगामी दिनों में पंचायतीराज चुनाव होने हैं. राजनीतिक दुर्भावना से वार्डों का परिसीमन किया गया है. पुरानी वोटर लिस्ट से चुनाव करवाए जाएंगे. इसे भाजपा के लोग गलत वोटर लिस्ट मानते हैं. नई वोटर लिस्ट फरवरी में आएगी. पुरानी वोटर लिस्ट से चुनाव करवाना यह दिखाता है कि नई सूची में जिस तरह ये लोग भाजपा के मतदाताओं को जोड़ना और कांग्रेस के वोटर्स के नाम काटना चाह रहे थे, उसमें कामयाब नहीं हुए हैं.
पंचायतीराज के 3000 करोड़ रुपए रोके: डोटासरा ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने पंचायतीराज के तीन हजार करोड़ रुपए रोक लिए हैं. भाजपा सरकार पंचायतीराज को कमजोर करना चाह रही है इसलिए भुगतान रुका है. इन सभी मुद्दों पर आज पंचायतीराज के जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा हुई. पंचायतीराज और नगर निकाय के चुनाव में कैसे कांग्रेस मजबूती से अपनी उपस्थिति दर्ज करवाए. इसे लेकर भी चर्चा हुई.
पढ़ें:नए साल में राजस्थान कांग्रेस को मिला टास्क, मनरेगा के मुद्दे पर एक माह तक होंगे धरने-प्रदर्शन
भाजपा नेता कर रहे हैं पर्ची का इंतजार: डोटासरा बोले कि भाजपा कार्यालय के बाहर कार्यकर्ता गेट पर खड़े रहते हैं. वे नेताओं से मिल नहीं सकते हैं. कार्यकर्ताओं से मुलाकात में भी खेमेबाजी का ध्यान रखा जाता है. दूसरे नेताओं के गुट के कार्यकर्ताओं को वांछित नहीं होने की बात कहकर टरका दिया जाता है. ब्यूरोक्रेसी भ्रष्टाचार में लिप्त है. भाजपा के जनप्रतिनिधियों की कोई सुन नहीं रहा है. ये सभी अपनी पर्ची का इंतजार कर रहे हैं. पता नहीं कौनसी पर्ची कब बदल जाए और कब नई पर्ची आ जाए. इन्हें बताना चाहिए कि दो साल में प्रदेश की जनता के लिए क्या काम किए?.
जहां भी चुनाव होते हैं, ईडी पहुंच जाती है: उन्होंने कहा कि न भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ कुछ कर पा रहे हैं और न ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा कुछ कर पा रहे हैं. पश्चिम बंगाल में ईडी की कार्रवाई से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा, जहां चुनाव होते हैं. वहां ईडी पहुंच ही जाती है. दो साल बाद जब राजस्थान में चुनाव होंगे, तो यहां भी ईडी आएगी. बंगाल में चुनाव हैं तो उनके कार्यकर्ता और कार्यालय पर ईडी का छापा डाल दिया. ये लोग जनता का अनादर करते हैं. जनता के पैसे का दुरुपयोग करते हैं. ये जनता को भ्रमित करने का काम करते हैं.
मदन राठौड़ पर भी साधा निशाना: पीसीसी चीफ ने कहा कि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ यह नहीं बता पा रहे हैं कि मनरेगा में 40 फीसदी जो राज्य का पैसा निर्धारित किया गया है. क्या वह रकम प्रदेश देने में सक्षम है. नए कानून में मांगते ही काम देने का प्रावधान है और काम नहीं देने पर क्या बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा. ये बात वो साफ नहीं कर पा रहे हैं. वे कहते हैं कांग्रेस को राम के नाम से आपत्ति है. जब महात्मा गांधी को गोली लगी तब भी उन्होंने हे राम ही बोला था. अब ये क्या हमें रामजी के बारे में बताएंगे.

