धौलपुर में 50 हजार रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार, म्यूटेशन खोलने के एवज में मांगी थी घूस, दस साल में दूसरी बार ट्रैप
धौलपुर में कायस्थ पाड़ा में पटवारी को उसके घर रिश्वत की राशि के साथ गिरफ्तार किया.

Published : February 25, 2026 at 11:58 AM IST
धौलपुर: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बुधवार को एक पटवारी को 50 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया. पटवारी जमीन का म्यूटेशन खोलने के एवज में घूस ले रहा था.एसीबी उससे पूछताछ कर रही है.
एसीबी के एडिशनल एसपी ज्ञानचंद मीणा बताया कि जयपुर एसीबी मुख्यालय एक परिवादी ने शिकायत दी. इसमें कहा कि बसई सामन्ता पंचायत में तैनात पटवारी वीरेंद्र शर्मा जमीन का म्यूटेशन खोलने के एवज में 50 हजार रुपए रिश्वत मांग रहा है. परिवादी की शिकायत का भौतिक सत्यापन कराया गया. इसमें मामला सही पाए जाने के बाद पटवारी को रंगे हाथों गिरफ्तार करने की रणनीति बनाई गई.
पढ़ें:एसीबी: पंचायत समिति बीडीओ को 1 लाख की रिश्वत लेते दबोचा, 15 हजार की घूस लेते पकड़ा गया पटवारी
एएसपी मीणा ने बताया कि बुधवार को परिवादी को धौलपुर स्थित कायस्थ पाड़ा में पटवारी के घर रिश्वत की राशि देकर भेजा. पटवारी ने परिवादी से रिश्वत की राशि ले ली. इसी दौरान एसीबी ने पटवारी को गिरफ्तार कर लिया. उससे 50 हजार रुपए रिश्वत राशि बरामद कर ली. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. एसीबी उससे पूछताछ कर रही है. अनुसंधान के बाद आरोपी को भरतपुर एसीबी कोर्ट पेश किया जाएगा.
वर्ष 2016 में भी हो चुका ट्रैप: आरोपी पटवारी वीरेंद्र शर्मा का रिश्वत और लेनदेन से पुराना नाता रहा है. वर्ष 2016 में सैपऊ तहसील में जमीन का म्यूटेशन खोलने के एवज में एसीबी गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी. इसका मामला न्यायालय में विचाराधीन चल रहा था.
पढ़ें:एसीबी ने गंगापुरसिटी बीसीएमएचओ को 25 हजार रिश्वत लेते दबोचा

