पतरातू बनेगा झारखंड का मेगा टूरिज्म हब, वॉटर पार्क-होटल विस्तार से खुलेगा विकास का नया दरवाजा
पतरातू डैम और भव्य बनाने की तैयारी चल रही है. इसे लेकर पर्यटन सचिव ने इलाके का दौरा किया.

Published : February 18, 2026 at 7:33 AM IST
रामगढ़: जिले के पतरातू में स्थित सबसे खूबसूरत पर्यटन स्थल के विस्तार और भव्य बनने जा रहा है. इसे लेकर नव नियुक्त पर्यटन सचिव मुकेश कुमार पूरे इलाके का भ्रमण किया. दौरे के बाद यहां बुनियादी ढांचे के बड़े विस्तार की घोषणा की है. झारखंड सरकार ने पर्यटन को आर्थिक विकास के इंजन के रूप में स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. इसी कड़ी में पतरातू लेक रिजॉर्ट को राज्यस्तरीय पर्यटन हब बनाने की तैयारी शुरू हो गई है.
पतरातू लेक व पर्यटन विहार में बढ़ती पर्यटक संख्या को देखते हुए जेटीडीसी की भूमि पर 100 से अधिक नए कमरों के निर्माण की योजना बनाई गई है, जिससे उच्च स्तरीय ठहराव सुविधा विकसित होगी. साथ ही रिजॉर्ट के सामने आवंटित 25 एकड़ क्षेत्र में अत्याधुनिक वॉटर पार्क स्थापित करने की प्रक्रिया भी जल्द शुरू होने वाली है.
पर्यटन सचिव मुकेश कुमार ने बताया कि इससे पतरातू केवल प्राकृतिक स्थल नहीं, बल्कि पूर्ण मनोरंजन पर्यटन केंद्र बन जाएगा. बेहतर आवास व्यवस्था ही स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति दे सकती है. जैसे-जैसे पर्यटन बढ़ेगा, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे.
छोटे होटल, नाव संचालन, गाइड सेवा, होटल, परिवहन, स्थानीय हस्तशिल्प और बाजार को सीधा लाभ मिलेगा. इससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और युवाओं को पलायन से राहत मिल सकती है. रिजॉर्ट परिसर के पार्क के जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार पर भी विशेष जोर दिया गया है. इस दौरान अधिकारियों ने डैम टापू का भी निरीक्षण किया.
यदि घोषित योजनाएं तय समय पर पूरी हो जाती हैं, तो पतरातू सिर्फ रामगढ़ ही नहीं बल्कि पूरे झारखंड का प्रमुख पर्यटन ब्रांड बन सकता है. प्राकृतिक सुंदरता और आधुनिक सुविधाओं का यह संगम राज्य के पर्यटन भविष्य को नई दिशा देने वाला साबित हो सकता है और राज्य की अर्थव्यवस्था में नई ऊर्जा भर सकता है. इस मौके पर जेटीडीसी के एमडी प्रेम रंजन, जीएम राजीव कुमार सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे.
ये भी पढ़ें: म्यूजिकल फाउंटेन से गुलजार होगा पतरातू डैम, अब हर शाम सजेगा रोशनी–संगीत का जादू
झारखंड में साइबेरियन पक्षियों की अठखेलियां, हजारों मील का सफर तय कर पतरातू पहुंचे हैं विदेशी मेहमान

