ETV Bharat / state

पतरातू वैली और डैम में प्रकृतिक का खूबसूरत नजारा, साइबेरियन बर्ड्स की अठखेलियां बना रहीं पर्यटकों को दीवाना

रामगढ़ के पतरातू डैम पहुंचे साइबेरियन पक्षियां पर्यटकों को अपनी तरफ आकर्षित कर रही हैं. कई राज्यों से यहां पर्यटक पहुंच रहे हैं.

PATRATU LAKE IN RAMGARH
साइबेरियन पक्षी पहुंचे पतरातू डैम (ईटीवी भारत)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : December 21, 2025 at 6:39 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

रामगढ़: जिले में झारखंड के सबसे खूबसूरत पर्यटक स्थलों में से एक पतरातू लेक रिजॉर्ट और पतरातू घाटी है. राज्य सरकार के अथक प्रयासों से इसे काफी आकर्षक बनाया गया है. यह प्रसिद्ध पर्यटन स्थल इन दिनों प्रकृति प्रेमियों और पर्यटकों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. खासकर साल के अंतिम महीने और नववर्ष के दौरान सर्दियों के मौसम में पहाड़ियों के बीच फैला जलाशय, चारों ओर हरियाली और शांत वातावरण लोगों को अपनी ओर खींच रहा है.

विदेशी मेहमान भी पहुंचे थे पतरातू डैम

झारखंड की पहचान अब केवल खनिज संपदा तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यटन और वैश्विक संवाद तक विस्तृत हो चुकी है. पर्यटन की दृष्टि से पतरातू झारखंड का हब माना जाने लगा है. पतरातू लेक रिजॉर्ट को अंतरराष्ट्रीय ख्याति भी मिल चुकी है. क्योंकि झारखंड की राजधानी रांची में आयोजित जी-20 शिखर सम्मेलन में शामिल होने आए 20 देशों के 55 मेहमानों में 13 विदेशी समेत 38 मेहमान रांची में आयोजित कार्यक्रम के बाद पतरातू लेक रिजॉर्ट पहुंचकर अपना दिन यादगार बनाया था. पतरातू डैम आज प्रकृति और विकास के संतुलन का उदाहरण बन चुका है.

जानकारी देते संवाददाता राजेश कुमार (ईटीवी भारत)

विदेशी साइबेरियन पक्षी आते हैं पतरातू झील

पतरातू झील का महत्व लगातार बढ़ रहा है. सप्ताहांत और छुट्टियों के दौरान झारखंड के रांची, रामगढ़, बोकारो, हजारीबाग, जमशेदपुर और आसपास के जिलों के साथ-साथ बड़ी संख्या में बंगाल, ओडिशा और अन्य राज्यों के लोग यहां पहुंच रहे हैं. पर्यटक प्राकृतिक नजारों के साथ-साथ फोटोग्राफी और बोटिंग का भी आनंद ले रहे हैं. पक्षियों की चहचहाहट और विदेशी साइबेरियन पक्षी पूरे इलाके को जीवंत बना देते हैं. स्थानीय लोगों के अनुसार ठंड के मौसम में विभिन्न प्रजातियों के पक्षी देखे जाते हैं. पर्यटक अपने परिवार और दोस्तों के साथ शहर की चकाचौंध छोड़ प्रकृति की गोद में पहुंचकर भरपूर आनंद उठाते हैं.

Patratu lake in ramgarh
बोटिंग के साथ अठखेलियां करती साइबेरियन पक्षी (ईटीवी भारत)

पतरातू लेक में हजारों किलोमीटर की यात्रा कर प्रवासी पक्षी ठंडे प्रदेशों से आते हैं. विदेशी साइबेरियन मेहमानों की अठखेलियां देख पर्यटक रोमांचित हो रहे हैं. जैसे ही पर्यटक बोट के सहारे डैम में घूमने जाते हैं, तब उनके आसपास पक्षियों का झुंड मंडराने लगता है. मानो पक्षियों और पर्यटकों की कोई गहरी पुरानी मित्रता हो. यह पल पर्यटकों को रोमांचित करता है.

Patratu lake in ramgarh
साइबेरियन पक्षियां देख आनंदित हुए पर्यटक (ईटीवी भारत)

विदेशी पक्षी देख पर्यटक होते हैं आनंदित

नाविक संजीव ने बताया कि साइबेरियन पक्षियों के आने से पर्यटकों की संख्या बढ़ती है. उन्होंने कहा कि इन पक्षियों को देखकर पर्यटक काफी आनंदित होते हैं. साइबेरियन पक्षियों को देखने और उनके साथ समय बिताने के लिए पर्यटक बड़ी संख्या में डैम पहुंचते हैं, जिससे नाविकों की आमदनी भी बढ़ जाती है. सैलानी बोटिंग और प्राकृतिक सुंदरता के साथ पक्षियों की अठखेलियां देख आनंदित होते हैं.

डैम में घूमने आई स्थानीय गीता सिन्हा ने बताया कि वे अक्सर यहां सुकून के पल और खूबसूरत नजारा देखने आती हैं.

दूसरे राज्यों के पर्यटकों ने की सरकार की तारीफ

बंगाल के शांति निकेतन से अपने पूरे परिवार के साथ पहुंचे पर्यटक सुस्मिता और दीपक ने बताया कि झारखंड सरकार ने काफी अच्छा काम किया है. बंगाल से झारखंड में बहुत अच्छी सड़क कनेक्टिविटी है. चाहे नेतरहाट हो, बेतला फॉरेस्ट हो या पतरातू डैम, यहां का वातावरण काफी सुंदर है. उन्होंने कहा कि बेतला का सफारी काफी रोमांचक था. बंगाल से आए पर्यटक ने नेतरहाट में पर्यटन विभाग द्वारा किए गए काम को भी सराहनीय बताया और पतरातू डैम की तारीफ की.

Patratu lake in ramgarh
पतरातू डैम किनारे कलाकारी दिखाते कलाकार (ईटीवी भारत)

सिक्किम से पहुंचे पर्यटक

सिक्किम से रांची एक प्रतियोगिता में भाग लेने पहुंची खिलाड़ी सुमि ने बताया कि प्रतियोगिता खत्म होने के बाद उनकी टीम पतरातू घूमने आई है. उन्होंने डैम की तारीफ करते हुए कहा कि गंगटोक से पतरातू का मौसम ठीक है. डैम में पिकनिक मनाने पहुंचे पर्यटक पवन कुमार यादव ने बताया कि यहां का दृश्य काफी लुभावना है. उन्होंने कहा कि यहां की नावें देखने से लगता है कि कश्मीर की डल झील का नजारा देखने को मिल रहा है. पर्यटक ने कहा कि प्रकृति की गोद में सुकून भरे पल बिताने में काफी मजा आता है.

Patratu lake in ramgarh
सिक्किम से पतरातू डैम घूमने पहुंची खिलाड़ी (ईटीवी भारत)

एसपी खुद कर रहे निगरानी

पर्यटकों को किसी भी तरह की दिक्कत या परेशानी न हो, इसका ख्याल रामगढ़ पुलिस अधीक्षक अजय कुमार खुद रखते हैं. पुलिस द्वारा लगातार निगरानी की जाती है. साथ ही पतरातू डैम व घाटी घूमने आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर रामगढ़ पुलिस मुस्तैद रहती है. पूरे इलाके में पुलिस गश्ती दल मौजूद रहते हैं. इसके साथ ही हर एक-दो दिन में रामगढ़ एसपी खुद पर्यटक और धार्मिक स्थलों का निरीक्षण करते रहते हैं.

ये भी पढ़ें: झारखंड में साइबेरियन पक्षियों की अठखेलियां, हजारों मील का सफर तय कर पतरातू पहुंचे हैं विदेशी मेहमान

रामगढ़ के पतरातू डैम का फाटक खोला गया, दामोदर नदी का जलस्तर बढ़ने की संभावना

रामगढ़ के पतरातू डैम का फाटक खुला, नलकारी और दामोदर नदी के किनारे रहने वालों से सावधानी बरतने की अपील - Patratu Dam