ETV Bharat / state

पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव संपन्न, NSUI और एबीवीपी को दो-दो पद, एक सीट पर निर्दलीय की जीत

पटना विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में एनएसयूआई ने अध्यक्ष और महासचिव पद पर जीत हासिल की है. एबीवीपी ने संयुक्त सचिव व कोषाध्यक्ष पद हासिल किए.

PUSU elections
पटना विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : March 1, 2026 at 8:12 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना: पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव की प्रक्रिया शनिवार देर रात तक संपन्न हो गई. सुबह 8:30 बजे से मतदान शुरू हुआ, जो दोपहर 2:30 बजे तक चला. इसके बाद रात 8:00 बजे से मतगणना की प्रक्रिया आरंभ हुई, जो देर रात तक चली. मतगणना के दौरान कई बार प्रत्याशियों के वोटों में उतार-चढ़ाव देखने को मिला, लेकिन अंतत सेंट्रल पैनल के सभी पांच पदों के नतीजे घोषित कर दिए गए. अध्यक्ष पद पर एनएसयूआई का लंबे समय के बाद कब्जा हुआ. छात्र जदयू का खाता भी नहीं खुला.

कांग्रेस नेतृत्व और पप्पू यादव को जीत का श्रेय: चुनाव परिणाम के अनुसार अध्यक्ष पद पर एनएसयूआई के शांतनु शेखर ने जीत दर्ज की. उन्होंने छात्र जदयू के प्रत्याशी प्रिंस कुमार को 1496 मतों से पराजित किया. शांतनु शेखर को कुल 2896 वोट मिले, जबकि प्रिंस कुमार को 1400 वोट प्राप्त हुए. अध्यक्ष पद की जीत के बाद शांतनु शेखर ने इसे संगठन की सामूहिक मेहनत बताया और कहा कि यह जीत राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, एनएसयूआई संगठन और सांसद पप्पू यादव के समर्थन और मार्गदर्शन का परिणाम है.

पटना विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव (ETV Bharat)

उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय विजेता: उपाध्यक्ष पद पर मुकाबला काफी रोमांचक रहा. इस पद पर निर्दलीय प्रत्याशी सिफत फैज ने छात्र जदयू के आयुष हर्ष को 65 वोटों से हराया. सिफत फैज को 1571 वोट मिले, जबकि आयुष हर्ष को 1503 वोट प्राप्त हुए. परिणाम की घोषणा में देरी को लेकर सिफत फैज ने हंगामा भी किया. इसके बाद इस पद के लिए मतों की दोबारा गणना कराई गई, लेकिन दोनों बार सिफत फैज ही आगे रहीं और उन्हें विजयी घोषित किया गया.

दो महत्वपूर्ण पद पर एनएसयूआई का कब्जा: महासचिव पद पर एनएसयूआई की खुशी कुमारी ने जीत हासिल की. उन्होंने छात्र राजद के प्रत्याशी प्रत्यूष राज को 553 वोटों के अंतर से हराया. खुशी कुमारी को 2164 मत मिले, जबकि प्रत्यूष राज को 1611 वोट प्राप्त हुए. इस जीत के साथ एनएसयूआई ने सेंट्रल पैनल के दो महत्वपूर्ण पदों पर अपना कब्जा जमाया. एनएसयूआई के इस जीत पर सांसद पप्पू यादव ने बधाई देते हुए कहा है कि यह जीत नीट छात्रा को न्याय दिलाने की जिद का प्रतिफल है. बेटियों की सुरक्षा, इंसाफ और उनके हक के लिए अंतिम सांस तक लड़ेंगे.

दो सीट पर एबीवीपी जीती: संयुक्त सचिव पद पर एबीवीपी के अभिषेक कुमार विजयी घोषित किए गए. उन्होंने एनएसयूआई के मनोवर आजम को 392 वोटों से पराजित किया. अभिषेक कुमार को 2173 वोट मिले, जबकि मनोवर आजम को 1751 वोट प्राप्त हुए. वहीं कोषाध्यक्ष पद पर एबीवीपी के हर्षवर्धन ने छात्र जदयू के अभिषेक को 90 वोटों से हराया. हर्षवर्धन को 1519 मत मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी को 1429 वोट मिले.

मतगणना केंद्र पर समर्थकों की रही भीड़: सेंट्रल पैनल के कुल पांच पदों में एनएसयूआई और एबीवीपी को दो-दो पद मिले, जबकि एक पद पर निर्दलीय महिला उम्मीदवार ने जीत दर्ज की. चुनाव प्रक्रिया के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. मतगणना के समय प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की भारी भीड़ जुटी रही. परिणाम घोषित होते ही विजयी उम्मीदवारों के समर्थकों में उत्साह देखने को मिला और मतगणना केंद्र के बाहर नारेबाजी भी हुई. इधर एक निर्दलीय प्रत्याशी रिंकल यादव ने मतगणना केंद्र पर विरोध प्रदर्शन किया और धरना पर भी बैठे.

ये भी पढ़ें-

पटना यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव: 19 हजार से ज्यादा स्टूडेंट्स करेंगे वोटिंग, रात तक आएंगे नतीजे

हाई वोल्टेज ड्रामा के बीच पटना विश्वविद्यालय प्रशासन ने बदला आदेश, इस तारीख को होगा छात्र संघ चुनाव