गंगा स्नान के दौरान तीन बच्चों की डूबने से मौत, पटना में दर्दनाक हादसा
पटना में दर्दनाक हादसा हुआ है. गंगा स्नान के दौरान तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई. पढ़ें पूरी खबर..

Published : June 21, 2026 at 6:27 PM IST
पटना: राजधानी पटना में तीन बच्चे डूब गए. शाहपुर थाना क्षेत्र के दियारा स्थित हेतनपुर गंगा घाट पर यह दर्दनाक हादसा हुआ है. हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है. सभी बच्चे गंगा नदी में नहाने गए थे, जहां ये घटना घटी है.
तीन बच्चों की डूबने से मौत: मृतकों की पहचान हेतनपुर निवासी धर्मवीर राय के 10 वर्षीय पुत्र पीयूष कुमार, सत्येंद्र राय के 11 वर्षीय पुत्र तेज कुमार और अमिताभ बच्चन के 7 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है.

5 दोस्त गए थे नहाने: हेतनपुर गांव के पांच दोस्त रविवार सुबह गंगा नदी में स्नान करने गए थे. इसी दौरान अचानक तीन बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. साथ में मौजूद दो दोस्तों ने उन्हें बचाने की कोशिश की लेकिन देखते ही देखते तीनों बच्चे गंगा की तेज धारा में समा गए.
इसके बाद दोनों बच्चों ने गांव पहुंचकर परिजनों को घटना की सूचना दी. सूचना मिलते ही परिजन रोते-बिलखते गंगा घाट पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से खोजबीन शुरू की गई. काफी प्रयास के बाद तीनों बच्चों को नदी से बाहर निकालकर अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
"बच्चों के डूबने की सूचना मिली थी. दुर्भाग्य से तीन बच्चों की मौत गई. शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है."- नवीन कुमार सिंह, थानाध्यक्ष, शाहपुर
चार-चार लाख मुआवजे का ऐलान: वहीं, दानापुर अंचल अधिकारी चंदन कुमार ने बताया कि प्रशासन की ओर से तत्काल सहायता के रूप में मृतकों के परिजनों को 20-20 हजार रुपये दिए गए हैं. साथ ही आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी.
ये भी पढ़ें: बिहार में नहाने गए छह बच्चे डूबे, 2 की मौत, 4 को स्थानीय गोताखोरों ने बचाया

