चायवाले की दुकान पर पटना पुलिस का छापा, 12 लाख कैश और नशे की खेप देखकर उड़े होश
पटना पुलिस ने नशे की तस्करी करने वालों की नकेल कस दी है, छापेमारी में बड़ी मात्रा में चरस, स्मैक और कैश बरामद हुआ है-


Published : December 25, 2025 at 5:53 PM IST
पटना : बिहार की राजधानी पटना में मनेर पुलिस की टीम ने मादक पदार्थों के अंतर्राष्ट्रीय गिरोह के सदस्यों को दबोचा है. पुलिस के मुताबिक इनका कनेक्शन नेपाल से था. आरोपी चाय दुकान की आड़ में नशे की बड़ी खेप खपा रहे थे. अपने इसी धंधे के बूते इन्होंने अकूत संपत्ति भी इकट्ठी कर ली थी.
पटना में पुलिस की बड़ी कार्रवाई : पटना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है साथ ही 12.16 लाख कैश, हथियार और नशे की खेप को भी बरामद किया है. तलाशी के दौरान पुलिस को 545 ग्राम स्मैक और 558 ग्राम चरस बरामद हुई. इसके अलावा 1 देशी कट्टा, 3 जिंदा कारतूस, 1 पिस्टल मैगजीन, 21.5 लीटर विदेशी शराब, 12.16 लाख रुपये नकद, 3 एटीएम कार्ड, 1 इलेक्ट्रॉनिक तराजू, 413 ग्राम चांदी जैसा बिस्कुट और 24.7 ग्राम सोने के आभूषण भी जब्त किए गए हैं.
चाय दुकान की आड़ में चरस और स्मैक तस्करी : पुलिस सूत्रों के अनुसार 24 दिसंबर 2025 को मनेर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा चाय की दुकान की आड़ में मादक पदार्थों की अवैध खरीद–बिक्री किए जाने और बड़ी डीलिंग की तैयारी की गोपनीय सूचना प्राप्त हुई थी. सूचना की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक वेस्ट के मार्गदर्शन में तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया.
''विशेष टीम ने चिन्हित स्थल पर छापेमारी की. छापेमारी के दौरान दुकानों और उससे जुड़े आवासीय परिसर की सघन तलाशी ली गई. तलाशी के क्रम में पुलिस को भारी मात्रा में स्मैक, चरस और हथियार के साथ कैश बरामद हुआ. चांदी के बिस्किट और सोने का आभूषण भी पुलिस ने जब्त कर लिया. पुलिस ने मादक पदार्थों की खरीद–बिक्री में प्रयुक्त 1 चारपहिया वाहन और 1 मोटरसाइकिल को भी जब्त किया है.''- कार्तिकेय के शर्मा, एसएसपी, पटना

6 आरोपी गिरफ्तार : छापेमारी के दौरान मौके से दो अभियुक्तों को पटना पुलिस ने गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान पीयूष कुमार और शुभम कुमार के रूप में हुई है. पूछताछ के दौरान इन दोनों अभियुक्तों की निशानदेही पर मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े चार अन्य अभियुक्तों को भी गिरफ्तार किया गया. इस प्रकार पुलिस ने कुल छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. इनके देश-विदेश में फैले नेटवर्क के कनेक्शन की जानकारी जुटाई जा रही है.
एक सारण और बाकी मनेर के रहने वाले हैं आरोपी : गिरफ्तार अभियुक्तों में अभिषेक कुमार, सरोज कुमार, सोनी गुप्ता और एक अन्य अभिषेक कुमार शामिल हैं. इनमें से अधिकांश अभियुक्त मनेर थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जबकि एक अभियुक्त अभिषेक कुमार सारण जिले के डोरीगंज थाना अंतर्गत महाजी चकिया का निवासी है.
तस्करों का नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस : पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि यह गिरोह लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त था और इसका नेटवर्क अंतर्राष्ट्रीय एवं अंतर्राज्यीय स्तर तक फैला हुआ है. पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को खंगालने में जुट गई है. आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है.
''गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पहले दो अभियुक्तों की गिरफ्तारी हुई, जिनकी निशानदेही पर अन्य चार अभियुक्तों को पकड़ा गया. पटना पुलिस लगातार मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चला रही है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी.'' - कार्तिकेय के शर्मा, एसएसपी, पटना
ये भी पढ़ें-

